झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

शाहाबादी म्यूजिक की नवीनतम प्रस्तुति: ‘आप करें सबका बेड़ा पार मईया'(देवी गीत)

नवरात्र के शुभ अवसर पर बॉलीवुड में क्रियाशील चर्चित युवा संगीतकार अमरेश शाहाबादी के संगीत से सजी म्यूजिक वीडियो देवी गीत-‘आप करें सबका बेड़ा पार मईया’ शाहाबादी म्यूजिक की नवीनतम प्रस्तुति के रूप में यूट्यूब के माध्यम से संगीत प्रेमी श्रोताओं तक पहुंच चुकी है जिसे काफी पसंद किया जा रहा है।गीत को लिखा है आतिश जौनपुरी ने और स्वर दिया है अमरेश शाहाबादी ने। पारम्परिक कर्णप्रिय धुन को आत्मसात कर संगीतकार अमरेश शाहाबादी ने बिल्कुल नये अंदाज में इसे पेश किया है।

गायक व संगीतकार अमरेश शाहाबादी गुज़रे ज़माने के विख्यात गीतकार और संगीतकार स्व. लक्ष्मण शाहाबादी के पुत्र हैं। गीतकार/संगीतकार स्व लक्ष्मण शाहाबादी की तरह अमरेश को भी आंचलिक व पारंपरिक संगीत से विशेष लगाव रहा है। अमरेश शाहाबादी भी भोजपुरी तथा हिन्दी लोकगीत एवं फिल्म संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं। एक ओर जहां वह उदित नारायण, अल्का याज्ञनिक, साधना सरगम, विनोद राठौड़, कल्पना और उषा मंगेशकर जैसे वरिष्ठ गायक-गायिकाओं को अपने संगीत निर्देशन में गवाया वहीं दूसरी ओर नवोदित उभरते कलाकारों को भी खूब प्रोत्साहित किया। मोहन राठौड़, आलोक कुमार, प्रियंका सिंह, प्रियंका मौर्या, आव्या दुबे आदि को अमरेश ने बेहतर गाने का अवसर दिया। भोजपुरी फिल्मों में भी कर्णप्रिय संगीत के लिए अमरेश शाहाबादी को निर्माता निर्देशक बुलाते हैं। कुछ भोजपुरी फिल्में इसका जीवंत उदाहरण हैं। ‘फुलवा से महके अंगना हमार’, ‘सईंया अनाड़ी बा हमार’, ‘माई के कर्ज’, ‘मधुबाला’ आदि फिल्मों में अमरेश का संगीत समां बांधता है। अभी हाल ही में छठी मइया के गीतों के मेला में अमरेश द्वारा रचित छठ गीत अपनी अलग पहचान लिए हुए था। हिन्दी में फिल्म निर्माता/निर्देशक राजेश मित्तल की फ़िल्म- ‘झांसी की रानी लक्ष्मी बाई’ प्रदर्शित हो चुकी है। फिल्म-‘तराना’ संगीतकार अमरेश शाहाबादी की आने वाली फिल्मों में से एक है।