झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सरदार हुए भाजपा में शामिल

मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सरदार हुए भाजपा में शामिल

जमशेदपुर : भाजपा की नीति, सिद्धान्त और भाजपा सरकार के सुशासन से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं का क्रम निरंतर जारी है। रविवार को पोटका विधानसभा निवासी झामुमो नेता सह मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सरदार अपने सैकड़ों समर्थकों के संग भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में गणेश सरदार ने पोटका के पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार के समक्ष पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान वरीय नेताओं ने पुष्पगुच्छ और पार्टी का अंगवस्त्र भेंटकर भाजपा में स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि स्थापनाकाल से लेकर अब तक के राजनीतिक संघर्ष में पार्टी ने कभी नीति-सिद्धान्त और विचारधारा से समझौता नहीं किया। पार्टी के नीति-सिद्धान्त सर्वोपरि है। राष्ट्र प्रथम के मुहिम में शामिल हुए सभी युवाओं का भाजपा में स्वागत है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभावशाली नेतृत्व में भाजपा का जनाधार बढ़ा है। सबसे अधिक सक्रिय सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल होने का गौरव भाजपा को प्राप्त है। उन्होंने कहा कि झामुमो ने प्रदेश के युवाओं के साथ छल किया है, आज पूरे प्रदेश में झामुमो कार्यकर्ता समेत युवा वर्ग राज्य सरकार के उदासीनता से निराश एवं हताश हैं।
वहीं, प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि गणेश सरदार जैसे कर्मठ युवा के भाजपा में शामिल होने से पार्टी निश्चित रूप से मजबूत होगी। उन्होंने भाजपा सरकार के विकास कार्यों और अंत्योदय के संकल्प से प्रभावित होकर पार्टी में शमिल हुए गणेश सरदार समेत सभी साथियों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री मनोज राम ने किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता विभीषण सिंह सरदार, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, मंजीत सिंह, मनोज राम, नीलू मछुआ, पप्पू सिंह, संजय सिंह , संदीप शर्मा, चंचल चक्रबर्ती, सुदीप डे, रविंदर सरदार, हलधर दास और अन्य कई लोग उपस्थित थे।