झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

जामताड़ा के साइबर ठगों ने पटमदा डिग्री कॉलेज के बैंक खाते से उड़ाए दो लाख रुपये

जमशेदपुर।  साइबर ठगों ने केवाइसी अपडेट कराने का झांसा देकर पटमदा डिग्री कॉलेज के बैंक खाते से दो लाख की निकासी कर ली। इसकी शिकायत साइबर अपराध शाखा में कॉलेज के प्राचार्य सुमन कुमार सेन ने दर्ज कराई जिसकी जांच साइबर थाना की पुलिस कर रही है।

प्राचार्य ने शिकायत में पुलिस को बताया कॉलेज का बैंक खाता एसबीआइ  में है। बुधवार को एक बजे उन्हें 7866900847 से कॉल आया। फोन के टू कॉलर में एसबीआइ दिख रहा था। फोन उठाने पर बैंक का कर्मचारी बताते हुए बातचीत करने लगा। कहा कि बैंक के खाते की केवाइसी नहीं है इसे अपडेट करना है। ऐसा नहीं करने से खाते से लेन-देन नहीं हो पाएगा। जवाब में उन्होंने कहा क‍ि बैंक जाकर केवाइसी करवा लेंगे, लेकिन सामने वाले ने कहा आनलाइन से भी केवाइसी हो जाएगा। परेशान होने की जरूरत नहीं है।

पुलिस ने खाता कराया फ्र‍िज

इसके बाद उन्होंने कॉलेज के कर्मचारी विश्वजीत महतो को फोन दे दिया। आनलाइन प्रोसेस के बीच मोबाइल पर ओटीपी आने की जानकारी दी गई। फोन करने वाले ने ओटीपी बताने को कहा तो देने से इंकार कर दिया। इसके बाद फोन कट गया। बैंक जाने के लिए वे निकले। इस बीच दोबारा उसी नंबर से फोन आया। बैंक पहुंच चुके थे। फोन बैंक प्रबंधक को दे दिया। प्रबंधक जानकारी मांगते रहे। बातचीत करते रहे। फोन कट गया। कुछ समय बाद जानकारी मिली कि बैंक खाते से रुपये की निकासी कर ली गई। रुपये नोवो पे सौल्युशन में स्थानांतरित किए गए हैं। साइबर अपराध शाखा की पुलिस ने खाता को फ्रिज करवा दिया। मोबाइल का कॉल डिटेल निकाले जाने पर पता चला कि फोन जामताड़ा इलाके का है।