झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजपा ने की अन्नदाताओं की चिंता, काँग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के झूठ और दुष्प्रचार से रहें सावधान: विद्युत वरण महतो

जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वाधान में पोटका विधानसभा क्षेत्र के कोवाली मंडल अंतर्गत जानमडीह ग्राम में विपक्ष की अफवाहों और झूठ से सावधान रखने हेतु किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बुधवार को जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने केंद्र सरकार द्वारा पारित नए कृषि विधेयक को लेकर किसानों और ग्रामवासियों को जागरूक किया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में पारित किए गए कृषि विधेयकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण कृषि विधेयक पास किए हैं। भाजपा सरकार ने हमेशा किसानों की चिंता कर उनके हित की योजनाएं बनाई है। नए कृषि विधेयक से किसान भाइयों की आमदनी बढ़ेगी। उन्हें उनकी फसल एवं मेहनत का उचित मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि काँग्रेस समेत अन्य विरोधी दलों द्वारा चलाए जा रहे दुष्प्रचार से सावधान रहने की जरूरत है। किसान अब अपनी फसल कहीं भी बेच सकते हैं। श्री महतो ने कहा कि ‘‘एमएसपी अर्थात न्यूनतम समर्थन मूल्य था, है और जारी रहेगा। इसके साथ ही मंडी की व्यवस्था भी पूर्व की तरह बनी रहेगी।

पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि किसानों और गरीबों की घोर विरोधी कांग्रेस बेवजह कृषि विधेयक का विरोध कर किसानों को गुमराह कर रही है। कांग्रेस ने कभी भी किसानों के कल्याण के लिए ठोस कदम नहीं उठाया। पांच दशक से ज्यादा समय तक सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस ने कभी भी किसानों की चिंता नहीं की। पिछले छह वर्षो के मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान कृषि एवं कृषकों के विकास हेतु कई योजनाएं धरातल पर सफलतापूर्वक उतरी है। अब अन्नदाताओं के मर्जी के अनुरूप हीं उनकी फसलें बाजार में बिकेगी। नए कृषि विधेयक से किसानों को उनका हक मिलेगा। संगोष्ठी में किसानों के बीच नए कृषि विधेयक पर सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा पर्चा बांटे गए। वहीं, शामिल किसानों को फेसमास्क भेंट किया गया।

इस दौरान मुख्यरूप से जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, किसान मोर्चा के कोल्हान प्रभारी विजय तिवारी, जिला मंत्री मनोज राम, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मुचिराम बाउरी, कोवाली मंडल अध्यक्ष रवींद्रनाथ सरदार के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।