झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजपा जमशेदपुर महामंत्री राकेश सिंह ने विधायक सरयू राय से पूछा सवाल, बताया नकारात्मक राजनीति का प्रणेता

जिन भाजपा कार्यकर्ताओं की बदौलत उनकी पहचान बनी, आज वही कार्यकर्ता उनकी आंखों में चुभने लगे: राकेश सिंह

जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर महामंत्री राकेश सिंह ने पूर्वी विधायक सरयू राय को नकारात्मक राजनीति का प्रणेता बताया। जारी प्रेस-विज्ञप्ति में राकेश सिंह ने कहा कि विधायक सरयू राय की राजनीति कभी जनता के मुद्दों पर नहीं होकर हमेशा नकारात्मक बिंदुओं पर केंद्रित रही है। उन्होंने सरयू राय द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनौती देने के मामले में कहा कि वर्ष 2005 में यही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें सरआंखों पर बैठाकर ‘फर्श से अर्श’ तक पहुंचाया। कभी उनकी पहचान का आधार रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आज अपशब्द का प्रयोग करना एवं उनके पुरुषार्थ को ललकार उन्हें चुनौती देना आश्चर्यजनक है। राकेश सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत राष्ट्रीय अध्यक्ष को चिट्ठी लिखने पर कहा कि सरयू राय बताए कि किस हैसियत से भाजपा के माननीय प्रदेश अध्यक्ष को चिठ्ठी लिख रहे हैं। बताएं कि वे किस दल के विधायक हैं? भाजपा कार्यकर्ताओं को विधायक सरयू राय द्वारा चुनौती देने पर कहा कि तथाकथित विद्वान व्यक्ति के मुख से ऐसी भाषा शोभा देती है क्या! भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनौती देने से पहले उन्हें अपनी जमीर देखनी चाहिए। महामंत्री राकेश सिंह ने कहा कि विधायक सरयू राय के सभी चुनौतियों को स्वीकार करता हूँ, भाजपा का एक छोटा सिपाही हूँ और पार्टी और पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपशब्द और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले वैसे सभी लोग चाहे वे, कितनी बड़ी पहचान रखते हों, उनके ख़िलाफ़ आवाज बुलंद करता रहूंगा। ये जेल-बेल की गीदर भभकी से पीछे नहीं हटूंगा।