झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज विकास एवं ओरमांझी स्थित ऑक्सीजन रिफलिंग प्लांट छोटानागपुर इंडस्ट्रियल गैस एवं एस के इंडस्ट्रियल गैसेस का औचक निरीक्षण किया

*मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज विकास एवं ओरमांझी स्थित ऑक्सीजन रिफलिंग प्लांट छोटानागपुर इंडस्ट्रियल गैस एवं एस के इंडस्ट्रियल गैसेस का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के समक्ष प्लांट के संचालक तथा कर्मचारियों ने ऑक्सीजन की उपलब्धता तथा रोजाना सिलेंडरों में रिफिलिंग के संबंध में जानकारी दी। संस्थान के संचालक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि छोटानागपुर इंडस्ट्रियल गैस प्लांट में प्रति घंटे 36 जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल करने की क्षमता है। संस्थान इस ऑक्सीजन रिफलिंग की क्षमता को एक महीने के भीतर दोगुनी करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ने प्रबंधन को विश्वास दिलाया कि इस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनियों को सरकार की तरफ से भी सहयोग दी जाएगी ताकि संस्थान अधिक से अधिक क्षमता के साथ ऑक्सीजन रिफिलिंग का कार्य सुनिश्चित कर सके। मुख्यमंत्री ने प्लांट को चौबीस घंटे तैयार रहने का निर्देश दिया ताकि कहीं भी ऑक्सीजन की किल्लत उत्पन्न ऩहीं हो यह सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने संचालक से कहा कि व्यक्तिगत रूप से भी कोई व्यक्ति अगर आपके यहां ऑक्सीजन रिफलिंग के लिए आता है तो उन्हें हर हाल में ऑक्सीजन उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ओरमांझी स्थित एस के इंडस्ट्रियल गैसेस का भी निरीक्षण किया। संस्थान के संचालक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके संस्थान में प्रतिदिन 900 से 1000 जंबो सिलेंडर में ऑक्सीजन रिफलिंग की क्षमता है। संस्थान इस क्षमता को और विकसित करने हेतु प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने संस्थान के संचालक को भरोसा दिलाया कि संस्थान की क्षमता को बढ़ाने में राज्य सरकार हरसंभव मदद करेगी
======================
*=======================*
जिला उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान में कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए पांच लोग रोहित लकड़ा, राजा लकड़ा, विद्यापति ओझा, सन्नी मुखी तथा एस. देवगन ने आज जमशेदपुर ब्लड बैंक में कोविड-19 मरीजों के लिए कोन्वॉल्सेन्ट प्लाज्मा का डोनेशन किया। सभी प्लाज्मा दाताओं का सम्मान प्लाज्मा डोनेशन की नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षु उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, चिकित्सक डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ. निर्जला, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह ने प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम कोविड-19 के प्रभाव से मुक्त हो चुके लोगों से अपील करता है कि वे आगे बढ़कर प्लाज्मा का दान करें ताकि कोविड-19 से लड़ रहे जरूरतमंद मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध करा उन्हें कोरोना संक्रमण से मुक्त कराया जा सके।
*=============================*
=========================
*मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रिम्स स्थित मल्टी स्टोरेड पार्किंग बिल्डिंग में तैयार हो रहे 350 बेड तथा इमरजेंसी 50 बेड वाले ऑक्सीजनयुक्त कोविड वार्ड का निरीक्षण तथा डोरंडा स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (रिसालदार बाबा हॉस्पिटल) में बने 100 बेड वाले ऑक्सीजनयुक्त कोविड वार्ड का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के इस घड़ी में अस्पतालों में ऑक्सीजनयुक्त बेड की अधिक आवश्यकता पड़ रही है। राज्य सरकार ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड बढ़ाने को लेकर निरंतर प्रयासरत है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद एवं बोकारो इत्यादि बड़े शहरों में संक्रमित मरीजों का दबाव ज्यादा है। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण ऑक्सीजनयुक्त बेड की कमी को पूरा करने के लिए रांची तथा पूर्वी सिंहभूम जिला में कोविड सर्किट बनाने का काम किया गया है। कोविड सर्किट के तहत आसपास जिलों के कई शहरों को कोविड कॉरिडोर के रूप में जोड़ा गया है। रांची-जमशेदपुर इत्यादि जगहों पर संक्रमित मरीजों का अधिक दबाव होने पर आस-पास के निकटतम शहरों में इलाज हेतु ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की गई है इससे मरीजों का त्वरित इलाज संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इसी कड़ी में आज डोरंडा स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (रिसालदार बाबा हॉस्पिटल) में 100 बेड वाले ऑक्सीजनयुक्त बेड तैयार करने का कार्य पूरा कर लिया गया है। एक-दो दिनों में इस हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज प्रारंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिम्स स्थित मल्टी स्टोरेड कार पार्किंग बिल्डिंग में भी 350 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की तैयारी की जा रही है। दो-चार दिनों के अंदर यहां भी संक्रमित मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा। इसी तरह इटकी सैनोटोरियम को लेकर भी कार्य योजना तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय मिलजुल कर संक्रमण से लड़ने का है। इस जंग को संकल्प के साथ लड़ेंगे तभी जीतेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को यह पता नहीं था कि संक्रमण इस रफ्तार से लोगों के बीच फैलेगा। सतर्कता में ही सुरक्षा है। उन्होंने ने लोगों से अपील किया कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का कड़ाई से पालन करें। आप तथा आपके परिवार की सुरक्षा आपके ही हाथ में है अत: सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पूरा पालन करें
इस मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे
======================*=======================*
जिला उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान में कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाले विकास कुमार तथा विष्णु चौधरी ने आज जमशेदपुर ब्लड बैंक में कोविड-19 मरीजों के लिए कोन्वॉल्सेन्ट प्लाज्मा का डोनेशन किया। प्लाज्मा दाताओं का सम्मान रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा डॉ. रीता सिंह एवं विशेषज्ञ तकनिशियनों ने प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। जिला प्रशासन कोविड-19 के प्रभाव से मुक्त हो चुके लोगों से अपील करता है कि मानव कल्याण में आगे आते हुए प्लाज्मा का दान करें ताकि कोविड-19 से प्रभावित लोगों को कोरोना संक्रमण से उबारने में मदद किया जा सके। जिला के उपायुक्त सूरज कुमार ने प्लाज्मा डोनेशन कमिटी का गठन किया है जो कि कोविड-19 से प्रभावित जरूरतमंद लोगों के लिए जनजागरुकता के माध्यम से कॉन्वाल्सेन्ट प्लाज्मा डोनेशऩ अभियान चला रही है। इस कमिटी में नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षु उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह मुख्य रूप से सक्रिय हैं।
*=============================*
कोविड-19 बुलेटिन : रांची से मिले 1686 पोजिटिव मामले, पूरे झारखण्ड में 5541 नए पॉजिटिव मामले, राज्य में आज 124 संक्रमितों की मृत्यु, इसके साथ ही झारखण्ड में कुल 207288 पॉजिटिव मामले, 49504 सक्रिय मामले, 155669 ठीक, 2115 मौतें हुई हैं