झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

मोहर्रम के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ डीएम ने की बैठक। दिये आवश्यक निर्देश

लखीसराय,अजय कुमार।मोहर्रम का पर्व 30 अगस्त को मनाया जाएगा। इस बार कोरोना वायरस के संक्रमण के मध्य नजर मुहर्रम पर्व में ताजिया जुलूस नहीं निकाला जाना है। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला के 75 चिन्हि्त स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पांच गश्ती दल दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मोहर्रम के अवसर पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त किए गए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने कर्तव्य स्थल पर समय पर मौजूद रहेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष इलाके में भ्रमणशील रहते हुए मुहर्रम पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश के आलोक में इस बार मुहर्रम पर्व के अवसर पर ताजिया जुलूस नहीं निकाला जाना है। इस बाबत एडवाइजरी जारी की गई है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष सोशल मीडिया तथा ऐसी भ्रामक खबरों पर विशेष तौर पर नजर रखेंगे एवं किसी भी प्रकार की अफवाह की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका समाधान सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण मद्देनजर इस बार ताजिया जुलूस नहीं निकाला जाएगा तथा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया है। किसी भी ताजिया जुलूस, अखाड़ा की अनुमति नहीं दी गई है।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भी संबंधित सभी पदाधिकारी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता से कर्तव्यों के निर्वहन के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई एवं धारा 107 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि जिला अंतर्गत मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण वातावरण में बनाए जाने के उद्देश्य से चाक-चौबंद विधि-व्यवस्था संधारित करने हेतु 30 अगस्त से 31 अगस्त तक के लिए 75 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संपूर्ण विधि व्यवस्था संधारण के लिए वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में उप विकास आयुक्त श्री अनिल कुमार को एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को दायित्व सौंपा गया है। सोशल मीडिया एवं शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के उद्देश्य से जिला नियंत्रण कक्ष को संचालित किया गया है, जिसके प्रभारी पदाधिकारी का दायित्व श्रम अधीक्षक को दिया गया है। विधि- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गश्ती दल दंडाधिकारियों को पांच जोन में प्रतिनियुक्त किया गया है।
बैठक के दौरान अपर समाहर्ता मोहम्मद इबरार आलम, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री रंजन कुमार, अपर अनुमंडल दंडाधिकारी राकेश कुमार कार्यपालक दंडाधिकारी राजीव मोहन सहाय, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।