झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भारतीय तीरंदाजी संघ का ऑनलाइन पोर्टल किया लॉन्च, कहा- तीरंदाजों को मिलेगी मदद

सरायकेला में भारतीय तीरंदाजी संघ के ऑनलाइन एफिलिएशन पोर्टल का केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने उदघाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पोर्टल से देशभर के तीरंदाज को एक नया प्लेटफार्म मिलेगा.
सरायकेला: भारतीय तीरंदाजी संघ के ऑनलाइन एफिलिएशन पोर्टल का केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने ऑनलाइन उदघाटन किया. केंद्रीय मंत्री सह भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा खरसावां में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में पोर्टल का उदघाटन किया. इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी सह सरायकेला-खरसावां जिला तीरंदाजी संघ की अध्यक्ष मीरा मुंडा, पूर्व आईएएस अधिकारी सह भाजपा नेता जे बी तुबिद मौजूद रहे.
ऑनलाइन पोर्टल के उदघाटन से पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने तीरंदाजी में अब तक की उपलब्धि और आगामी योजनाओं को लेकर प्रकाश डाला. इस पोर्टल के शुभारंभ के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि इससे देशभर के तीरंदाजों को एक नया प्लेटफार्म मिलेगा. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने तीरंदाजी को लेकर आगामी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला. अर्जुन मुंडा ने कहा कि एएआई टीम के अथक प्रयासों का परिणाम है कि आर्चेरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के इतिहास में एक नया अध्याय इस पोर्टल के लॉन्च के साथ जोड़ा गया है. इस पोर्टल के माध्यम से आर्चर, कोच, अधिकारी को सभी तरह की जानकारी मिलेगी. इसके साथ ही चैंपियनशिप, गेम्स, इंटरनेशनल और नेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने वालों को भी फायदा मिलेगा. राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप और अन्य तीरंदाजी गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी मिलेगी.
इस वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद चंदुरकर ने कहा कि यह पोर्टल आयु धोखाधड़ी या अधिक आयु की भागीदारी को नियंत्रित करने में बहुत उपयोगी होगा. प्रत्येक खिलाड़ी को पहचान पत्र जारी करने के लिए युवा मामलों और खेल मंत्रालय के दिशा निर्देशों का अनुपालन भी पोर्टल के तहत कवर किया जाएगा. जमशेदपुर की तीरंदाज कोमोलिका बारी को आर्चर के रूप में एएआई के साथ पहली संबद्धता प्राप्त करने का गौरव प्राप्त हुआ. बताया गया कि एएसआई पुणे में ओलंपिक तैयारी शिविर के तहत गहन प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है.