झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

गृहमंत्री अमित शाह के पोस्टर लगा अपमानित करने पर भाजपा आक्रोशित थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी

गृहमंत्री अमित शाह के पोस्टर लगा अपमानित करने पर भाजपा आक्रोशित थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी

जमशेदपुर। आज देश के गृहमंत्री अमित शाह के फ़ोटो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर साकची गोलचक्कर पर असामाजिक तत्वों द्वारा पोस्टर चिपकाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। शुक्रवार दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पर जिला प्रशासन की लापरवाही पर जमकर नारे लगाए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता समेत काफी संख्या में आमजन साकची गोलचक्कर पर जुट गए और इस घटना की कड़ी निंदा की। साकची थाना में भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। इस दौरान पत्रकारों को जानकारी देते हुए गुंजन यादव ने कहा कि साकची गोलचक्कर पर गृहमंत्री अमित शाह के फोटो में छेड़छाड़ कर अभद्र वाक्य के साथ पूरे गोलचक्कर पर चिपकाया गया एवं रास्तों पर पोस्टर बिखड़े पड़े थे। घटना की जानकारी मिलने पर दूरभाष के माध्यम से एडीएम लॉ एंड आर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम एवं साकची थाना प्रभारी को अवगत कराया। इस घटना पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं के साथ साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज करा कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है। कहा कि दोषियों को गिरफ़्तार करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम जिला प्रशासन को दिया गया है। वहीं, साकची गोलचक्कर पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की गयी है। उन्होंने कहा कि इस समय नवरात्र का समय चल रहा है, हिन्दू नववर्ष और रामनवमी का पर्व भी आने वाला है। ऐसे समय में एक विशेष वर्ग द्वारा ऐसे देशद्रोही कृत्य करना साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ शहर के वातावरण को दूषित करने का प्रयास किया गया है।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, रमेश हांसदा पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, राकेश सिंह, राजीव सिंह, रॉकी सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, मनोज वाजपेयी, बिनोद राय, राजू सरदार समेत दर्जनों अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।