झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

एनएच 33 पर दलमा गेट के पास वाहन के आगे कूदा बाराद्वारी का युवक- मौत, एक साल से पत्नी से चल रहा था विवाद

जमशेदपुर। चांडिल थाना क्षेत्र के शहरबेड़ा स्थित दलमा गेट के पास एनएच-33 पर शनिवार की सुबह 6.30 बजे वाहन की चपेट में आने से जमशेदपुर के बाराद्वारी के युवक गुंजन कुमार लाल (33 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई। वाहन उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। जानकारी के अनुसार, युवक सड़क किनारे बाइक खड़ी कर फोन से किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान वाहन के आगे कूद गया। मृतक के पिता प्रदीप कुमार लाल ने बताया बेटा घर पर बिना कुछ बताए बाइक से सुबह चार बजे निकला था। जब काफी देर तक गुंजन वापस नहीं आया तो मैंने उसे फोन किया।

इसके बाद उसने अपना लोकेशन भेजा। भेजे गए लोकेशन पर माता-पिता पहुंचे तो पाया कि बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। सड़क हादसे की सूचना पर चांडिल पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चांडिल थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया पिछले एक साल से मृतक गुंजन का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। घटना के पूर्व उसने माता-पिता से बात भी की और अपना लोकेशन भी शेयर किया था।