झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम रवाना तीस अक्टूबर से शिरडी में होंगे मैच

छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम रवाना तीस अक्टूबर से शिरडी में होंगे मैच

तीस अक्टूबर से महाराष्ट्र के शिरडी साईं में छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट (गुलेल) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जामताड़ा से झारखंड की पांच सदस्यीय टीम को महाराष्ट्र रवाना किया गया.
जामताड़ा: तीस अक्टूबर से महाराष्ट्र के शिरडी साईं में आयोजित होने वाली छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट (गुलेल) प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड से पांच खिलाड़ियों को रवाना किया गया. सभी खिलाड़ी स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ इंडिया और स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.
स्लिंगशॉट की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की टीम पहली बार भाग ले रही है. इस टूर्नामेंट के लिए झारखंड की तरफ से अंडर-17 से संदीप टूडू, प्रदीप मुर्मू, रोशन दास, अंडर-20 से अबीर मुखर्जी और अंडर 25 से परिमल टुडू का चयन किया गया है. सभी खिलाड़ी टीम प्रबंधक संजीव सेन और स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सीईओ सूरज कुमार पासवान के नेतृत्व में महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए .
स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे के मुताबिक छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के चयन के लिए 18 अक्टूबर को जामताड़ा के गांधी मैदान में एक दिवसीय ओपन स्लिंगशॉट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को झारखंड की टीम में शामिल किया गया है.