झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

टूटे रिश्ते जोड़ मुसाफिर

टूटे रिश्ते जोड़ मुसाफिर
******************
जीवन का आधार मुसाफिर
हो रिश्तों में प्यार मुसाफिर
पर स्वारथ में बना आजकल
रिश्ता ही बाजार मुसाफिर

रिश्तों में तब जान मुसाफिर
जब अन्दर में ज्ञान मुसाफिर
एक बार टूटा तो रिश्ते
हो जाते बेजान मुसाफिर

सब रिश्ते अनमोल मुसाफिर
प्यार करो दिल खोल मुसाफिर
बुरे दिनों में लोग समझते
क्या रिश्तों का मोल मुसाफिर

कहलाते अभिजात मुसाफिर
मीठी उनकी बात मुसाफिर
मार रहे हैं चुपके चुपके
वे रिश्तों को लात मुसाफिर

क्षुद्र स्वार्थ की होड़ मुसाफिर
झट रिश्ते को तोड़ मुसाफिर
पर जीवन की सीख यही है
टूटे रिश्ते जोड़ मुसाफिर

जीवन है संग्राम मुसाफिर
हर रिश्तों के दाम मुसाफिर
वर्तमान शिक्षा के कारण
अब रिश्ते बदनाम मुसाफिर

जब दोगे अधिकार मुसाफिर
तब रिश्तों में प्यार मुसाफिर
समझ सुमन फिर कब समझोगे
रिश्तों से संसार मुसाफिर

श्यामल सुमन