झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें: दिनेश प्रताप सिंह

स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें: दिनेश प्रताप सिंह

रांची। भारत की आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में एक नवंबर से 31 नवंबर तक चलने वाले स्वच्छ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत 23 अक्टूबर को बिरसा मुण्डा जैविक उद्यान ओरमांझी रांची में वन विभाग के समन्वय से सिंगल यूज प्लास्टिक का संग्रहण किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नेहरू युवा केंद्र संगठन नई दिल्ली के शासकीय बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने कहा की जिस प्रकार हमने आजादी के लिए अंग्रेजों को भारत से बाहर किया था उसी प्रकार आज हमें प्लास्टिक को अपने समाज से बाहर करना है, ताकि हम एक स्वच्छ समाज का निर्माण कर सकें। इस दौरान पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक अरिमर्दन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनें और पास-पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। संगठन के राज्य निदेशक विजय कुमार ने स्थानीय लोगों को जीवन में स्वच्छता का महत्व बताया तथा गंदगी के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
नेहरू युवा संगठन रांची के जिला युवा अधिकारी (प्रभारी) अब्दुल फारुख खान ने जानकारी दी कि स्वच्छ भारत कार्यक्रम के दौरान 150.50 कचरा एकत्र किया गया जिसे बिरसा मुंडा जैविक उद्यान, ओरमांझी के डंपिंग यार्ड में निस्तारित किया गया।
नेहरू युवा केंद्र संगठन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा एनएसएस के राज्य समन्वय डा. ब्रजेश कुमार, वन विभाग के अधिकारी-कर्मी, झारखण्ड प्रदेश किसान मोर्चा के सदस्य अमरनाथ चौधरी, उपाध्यक्ष झारखण्ड प्रदेश किसान मोर्चा, राजेश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि जय गोविंद साहू, ओरमांझी उप प्रमुख, बीणा देवी, चकला पंचायत मुखिया, दिलीप मेहता, प्रखण्ड अध्यक्ष अलख नाथ महतो, महामंत्री श्री राजधाम साहू, भीम मुंडा सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद थे।