रांची: झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शनिवार को एक ही विमान दो बार हादसे का शिकार होने से बच गया। रांची से मुंबई जाने वाला एयर एशिया का विमान 11.50 बजे रनवे से जैसे ही उड़ान भरने वाला था, तभी विमान से पक्षी टकरा गया। पक्षी के टकराते ही जोरदार आवाज हुई। इसके बाद पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक लिया। विमान में 176 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
करीब तीन घंटे तक विमान की जांच की गई। इसके बाद तकनीकी दल ने बताया कि विमान में खराबी नहीं है। इसके बाद विमान उड़ान भरने के लिए तैयार हो गया। सभी यात्रियों को लेकर शाम 4.35 बजे जब दोबारा विमान रनवे तक पहुंचा तो पहिए के पास से चिंगारी निकलने लगी। इसके बाद पायलट ने विमान रोक दिया। तुरंत ही फायर ब्रिगेड के दो वाहन पहुंचे। इसके बाद विमान को वापस एप्रन पर ले जाया गया और यात्रियों को उतार दिया गया।
यात्रियों ने किया हंगामा
दोबारा हुई घटना के बाद यात्री हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि जब विमान ठीक नहीं था, तब कैसे उड़ान भरने की अनुमति दी गई। हंगामा बढ़ने के बाद एयरपोर्ट अधिकारी पहुंचे और यात्रियों को समझाने का प्रयास करने लगे और खराबी दूर होने तक इंतजार करने को कहने लगे। लेकिन यात्री मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद एयर एशिया के अधिकारियों ने कहा कि दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक विमान की आधिकारिक उड़ान रद्द नहीं की गई थी। उधर, एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार विमान की तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। विमान की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी टीम से हरी झंडी मिलने के बाद ही विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
होगी जांच
एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी कि विमान के पास पक्षी कैसे पहुंचा। मामले की जांच होगी। पक्षी के विमान से टकराते ही पायलट ने इमजेंसी ब्रेक लगाया। इससे विमान में बैठे यात्रियों को जोर का झटका लगा। वे घबरा गए। क्रू मेंबर से इस बाबत पूछने पर बताया गया कि विमान से एक पक्षी टकरा गया है।
सम्बंधित समाचार
कांड्रा बाजार में स्थित बड़ा बजरंगवाली मंदिर में चैती पूजा नवरात्रा की शुरुआत सैकड़ों की संख्या मे महिला कुंवारी कन्या द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गयी
महिलाएं अपने अधिकार के प्रति जागरूक हो -डॉ परितोष सिंह आदिवासी यंग बॉयज कमिटी द्वारा किया गया महिलाओं का सम्मान
एक्सएलआरआइ में जुटेंगे देश और दुनिया के दिग्गज, सप्लाइ चेन मैनेजमेंट पर होगा मंथन