झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

प्रदेश में कानून व्यवस्था की सुस्ती से जंगलराज का आगमन: गुंजन यादव

जमशेदपुर : किसी भी प्रदेश व शहर के लिए कानून-व्यवस्था का सुदृढ़ होना विकास व खुशहाली का परिचायक होता है। इससे लोगों में कानून के प्रति आस्था और मजबूत होता है। यदि अपराध तेजी से बढ़ने लगे तो पुलिस व प्रशासन पर से जनता का विश्वास उठने लगता है और यह स्थिति अंतत: अराजकता की ओर ले जाती है। पूरे झारखंड में इन दिनों यही हो रहा है। उपरोक्त बातें भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उन्होंने राज्य में गिरती कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। धनबाद जिले में भाजपा नेता केंदुआ मंडल उपाध्यक्ष सतीश सिंह के दिनदहाड़े हत्या की कड़ी निंदा करते हुए गुंजन यादव ने कहा कि ऐसी घटना से कानून व्यवस्था की लचर स्थिति खुलकर सामने आ गई है। निरंतर हो रहे आपराधिक घटना से अपराधी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। गठबंधन सरकार में प्रतिदिन लूट, नक्सली हमले, लेवी, दुष्कर्म, छिनतई, चोरी की घटनाएं हो रही है। पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर उनपर जानलेवा हमले हो रहे हैं। राज्य में गठबंधन सरकार के आते ही आपराधिक घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ने लगा है। आखिर क्या कारण हैं कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने पिछले दिनों जमशेदपुर में भाजपा नेता एवं युवा अधिवक्ता प्रकाश यादव हत्याकांड एवं मानगो के भाजपा नेता राजेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जमशेदपुर में हाल के दिनों में बेखौफ हुए अपराधी भाजपा कार्यकर्ताओं व अमजनों के साथ अनहोनी कर सकते हैं। ऐसी संभावनाओं के मद्देनजर जिला प्रशासन जमशेदपुर में आम जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं को उचित सुरक्षा प्रदान करे। कहा कि प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था पर सरकार कड़े निर्णय ले, जिससे प्रदेश की जनता के बीच उत्पन्न भय का माहौल खत्म हो।