झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

मानगो में गैंगवार, अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारी

जमशेदपुर। जमशेदपुर के मानगो इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आपराधिक वारदात पर काबू पाने में पुलिस विफल। जब अपराधियों को जी आता है वारदात को अंजाम देते हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को अपराधियों ने मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड  नूर कालोनी निवासी दानिश और उसके एक सहयोगी को गोली मार दी। दोनों को टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया यहां कुछ समय बाद दानिश की मौत हो गई।

घटना का कारण आपसी रंजिश और वर्चस्व के रूप में सामने आ रहा है। दानिश के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी पर वरीय पुलिस अधिकारी टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचे। दानिश के साथी से पूछताछ की। उसकी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दानिश और जितेश के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर को हुई घटना में जितेश, पंकज सिंह उफ बंदर समेत अन्य की संलिप्तता सामने आ रही है। पूरा मामला जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा। जितेश और पंकज बंदर मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र सुनील शर्मा उर्फ बूढ़ा हत्याकांड के आरोपित रहे हैं। दोनों घाघीडीह जेल में बंद गुड्डू पांडेय के गुर्गे हैं।