झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

लोडेड कट्टा के साथकमली बिद सहित दो अपराधी गिरफ्तार

लखीसराय,अजय कुमार। विधानसभा चुनाव से पूर्व जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस सघन अभियान चला रही है। इसी क्रम में जिले की मेदनी चौकी थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात खावा गांव में छापेमारी कर वर्षों से फरार कुख्यात अपराधी कमली बिद उर्फ कमलेश्वरी बिद सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने कमली बिद के पास से एक लोडेड कट्टा एवं छह कारतूस भी बरामद की है। शनिवार को दोनों अपराधियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। मेदनी चौकी थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव से पूर्व पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है। एसपी सुशील कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी है। एसपी सुशील कुमार ने बताया कि मेदनी चौकी थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप के नेतृत्व में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुख्यात अपराधी कमली बिद उर्फ कमलेश्वरी बिद को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। खावा गांव से ही विष्णुदेव महतो के पुत्र सुरेंद्र महतो को भी गिरफ्तार किया गया है। कुख्यात अपराधी कमली बिद के विरुद्ध मेदनी चौकी थाना में हत्या सहित दो मामले दर्ज हैं। जबकि वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना के एक मामले में भी कमली बिद वांछित था। गिरफ्तार अभियुक्त सुरेंद्र महतो भी मेदनी चौकी थाना में दर्ज हत्या के एक मामले में फरार था। एसपी ने बताया कि चुनाव के पूर्व जिले के सभी थानाध्यक्षों को फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। एसपी ने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले रूबीकांत सहित अन्य थानाध्यक्ष को पुरस्कृत किया जाएगा।