झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

लातेहार में एक हजार एकड़ भूमि पर सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई प्रणाली से हो रही खेती

लातेहार में एक हजार एकड़ भूमि पर सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई प्रणाली से हो रही खेती

रांचीः मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर बहुफसली खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी जिलों में कई सौर लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं किसानों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इस परियोजना के तहत लातेहार जिला प्रशासन ने पूरे वर्ष किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सौर लिफ्ट सिंचाई सुविधा के तहत एक हजार एकड़ भूमि को आच्छादित किया है। इससे जिले के लगभग चार सौ किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि राज्य की बड़ी आबादी की आजीविका कृषि पर निर्भर है। कृषि भूमि के एक बड़े हिस्से में सिर्फ मॉनसून के दौरान ही खेती-बारी होती है। ऐसे में स्थायी सिंचाई के साधन सुनिश्चित करने के लिए सौर लिफ्ट सिंचाई पंप स्थापित किए जा रहे हैं।
परियोजना के तहत अधिक से अधिक भूमि को सौर आधारित सिंचाई प्रणाली से आच्छादित करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए प्रत्येक पंप इकाई पांच एचपी की है। एक पंप हाउस में स्थापित पांच केवी सौर पैनल दस-बारह एकड़ भूमि के कवरेज के साथ एक सिंचाई चैनल तीन सौ मीटर कवर करता है। लातेहार की बात करें, तो जिले में कुल एक सौ ऐसी इकाइयां स्थापित की गई हैं जो एक हजार एकड़ भूमि को कवर कर रही हैं। इसके अतिरिक्त पंप हाउस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पंप इकाई को प्राकृतिक खतरों और चोरी होने की संभावना को देखते हुए बीमित किया गया है।
लातेहार के उपायुक्त अबू इमरान का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर किसानों को बढ़ावा देने और उनकी आय बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। लातेहार पिछड़े जिलों में से एक है। आबादी का एक बड़ा हिस्सा कृषि पर निर्भर है, जबकि आधुनिक सिंचाई सुविधाओं की अनुपलब्धता के कारण किसान साल में केवल एक फसल की खेती कर पाते थे। जिले में बहुफसली खेती को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिले में एक हजार एकड़ से अधिक भूमि में लिफ्ट सिंचाई के लिए लगभग एक सौ सौर पंप इकाइयां स्थापित की गईं हैं। आनेवाले समय में ऐसी और इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। हमने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। हमारे किसान हमारी ताकत हैं। किसानों और गांवों की समृद्धि के बिना राज्य विकसित नहीं हो सकता। किसानों की आय बढ़ाने के लिए कार्य हो रहा है।