झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय के निर्देश पर मोहरदा जलापूर्ति के वर्षों लम्बित समस्याओं का समाधान निरंतर किया जा रहा है

जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय के निर्देश पर मोहरदा जलापूर्ति के वर्षों लम्बित समस्याओं का समाधान निरंतर किया जा रहा है। मोहरदा पश्चिम रोड नं. 4, 5, 6 एवं 9 बारीडीह शांतिनगर, बिरसानगर गीतांजली अपार्टमेंट के समीप कई क्षेत्रों में 2019 विधानसभा चुनाव से पूर्व आनन-फानन में सिर्फ बस्तीवासियों को धोखा देने के लिए पाईप लाईन बिछाने के नाम पर छलावा किया गया था। पाईप लाईन में मेन राईजिंग पाईप से कनेक्शन नहीं कराया गया था और नाली में पेयजल का पाईप लाईन बिछा दिया गया था जो कि उचित नहीं था। कई स्थलों पर बिजली केबल से सटाकर पेयजल का पाईप लाईन बिछा दिया गया था जो लोगों के लिए जोखिम पूर्ण कार्य था। इसके कारण लोगों के घरों पर जलापूर्ति शुरू नहीं हो पायी थी और बस्ती के सैकड़ों घरों के लोग परेशानी से जुझ रहे थे।
विधायक सरयू राय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियेां को इसका शीघ्र समाधान कर लोगों के घरों तक पेयजल का कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसके बाद उक्त समस्याओं का समाधान की दिशा में कार्य प्रारंभ हुआ। बुधवार को विधायक सरयू राय के निर्देश पर उनके निजी सचिव सुधीर सिंह एवं पेयजल प्रभारी अमर चन्द्र झा ने कार्य स्थल पर पहुँचकर कार्य का निरीक्षण किया एवं वस्तुस्थिति से श्री राय को अवगत कराया गया।
मोहरदा पश्चिम वास्तु बिहार के समीप रोड नं. 9 एवं 4 में निवास कर रहे लोगों का जलापूर्ति शुरू हो गया है। रोड न. 5 एवं 6 में कार्य प्रगति पर है। विधायक श्री राय ने निर्देश दिया है कि दुर्गापूजा के पूर्व सभी जरूरी कार्य पूर्ण कर लिया जाय ताकि त्यौहार के समय में लोगों को परेशानी नहीं हो। शक्तिनगर के लोगों ने विधायक श्री राय के प्रति आभार जताया कि कई वर्षों से लम्बित कार्य विधायक सरयू राय के निर्देश पर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में पाईप लाईन बिछ जाने के बावजूद भी जलापूर्ति नहीं होती थी। वास्तु बिहार के लोगों ने भी बताया कि मोहरदा जलापूर्ति से आजतक काॅलोनी में पेयजल का कनेक्शन नहीं दिया गया है। निजी सचिव सुधीर सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि विधायक श्री राय उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में तत्पर हैं यथाशीघ्र उनकी समस्याओं का समधान कर लिया जाएगा।