झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

जमशेदपुर में साइबर अपराधियों ने 90 दिनों में बनाई 2 करोड़ की संपत्ति; 5 आरोपी गिरफ्तार, सरगना फरार

जमशेदपुर। साइबर पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। MGM अस्पताल में मेडिकल के बाद सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी सोमवार को दी। गिरफ्तार युवक कम समय में ज्यादा पैसे की लालच में साइबर क्राइम से जुड़े थे। साइबर पुलिस ने अपराधियों के पास से कई ATM, पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड जब्त किया है। गिरोह के मुख्य सरगना गोलमुरी निवासी मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद आफताब की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

500 लोगों से की ठगी

पकड़े गए अपराधियों में सिदगोड़ा निवासी विकास कुमार तिवारी, गोलमुरी निवासी सविंदर सिंह, रिषभ भारती, बिरसानगर निवासी दिलप्रीत सिंह और जगजीत सिंह गिल शामिल हैं। गिरफ्तार पांचों आरोपी करीब तीन माह पूर्व साइबर क्राइम से जुड़े थे। आरोपियों ने तीन माह में करीब 500 लोगों के खाते से ठगी कर अपने अकाउंट में 2,12,67000 रुपए का ट्रांजक्शन किया। पुलिस ने आरोपियों का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी विकास कुमार तिवारी ने 84 लाख, सविंदर सिंह ने 33 लाख, दिलप्रीत सिंह ने 24 लाख, रिषभ भारती ने अपने खाते में 67 लाख से ज्यादा रुपए का ट्रांजेक्शन किया है। सरगना आरिफ ने सभी को साइबर क्राइम से जोड़ा था।

कैसे हुआ खुलासा

सिदगोड़ा के बारीडीह में रहने वाले द्वारिका विश्वास के खाते से 26 अगस्त को साइबर ठगों द्वारा पैसों की निकासी की गई थी। द्वारिका विश्वास ने साइबर थाना में अपने दोस्त कुलजीत सिंह पर पैसे निकासी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप था कि कुलजीत सिंह उसे विश्वास में लेकर गलत तरीके से उसके अकाउंट से पैसों का ट्रांजैक्शन करवाया। शिकायत पर साइबर पुलिस ने छानबीन शुरू की तो आसपास के युवक ही अपराधी निकले। शनिवार की देर रात पुलिस ने विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।