झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

जमशेदपुर में छिनतई के मोबाइल को बेचते थे OLX पर; महिलाओं को करते थे टारगेट

साकची पुलिस ने छिनतई गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से छिनतई के 4 मोबाइल, एक पर्स और एक बाइक भी बरामद किया गया है। शनिवार को साकची थाना में सिटी ASP कुमार गौरव ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि छिनतई के मोबाइल को दोनों बदमाश OLX पर सस्ते दाम पर बेचते थे। ये अक्सर महिलाओं को टारगेट कर छिनतई करते थे।

गिरफ्तार बदमाशों में कपाली निवासी मो. अमन और मो. शाहिद अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को शनिवार को जेल भेज दिया। सिटी एएसपी ने बताया कि 7 फरवरी को मानगो की एक महिला अनु सिंह से दोनों बदमाशों ने साकची लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास पर्स की छिनतई की थी। दोनों की गिरफ्तारी के बाद दो और छिनतई मामले का खुलासा हुआ।

दोनों छिनतई की घटनाएं फरवरी में ही गोलमुरी थाना क्षेत्र में घटी थी। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल लिया है। एक मोबाइल बदमाशों ने OLX पर बेच भी दिया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों के पास से बरामद बाइक भी चोरी की है। जिसकी जांच की जा रही है।