झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

झारखण्ड खेल जगत में भी अलग पहचान बनायेगा…हेमन्त सोरेन

राज्य गठन के बाद पहली बार जिला खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति हो रही है, जिस राज्य में खेल की अपार संभावनाएं हैं। वहां खेल की व्यवस्था स्थापित नहीं हो सके यह गंभीर विषय था। सरकार गठन के साथ ही खेल को लेकर चिंतन मंथन किया जा रहा है। वर्तमान सरकार ने राज्य की आंतरिक क्षमताओं को जानने, समझने और उभारने का निर्णय लिया है। आज का दिन ऐतिहासिक है। अब तक पूरे राज्य में सिर्फ एक खेल पदाधिकारी कार्य को पूरा करते थे। अब वही कार्य अलग-अलग जिलों में चौबीस खेल पदाधिकारी पूर्ण करेंगे। इसके साथ ही खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी नवनियुक्त जिला खेल पदाधिकारियों पर भी है और सरकार को भरोसा है कि नव नियुक्त पदाधिकारी इस जिम्मेवारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के भाव से पूर्ण करेंगे। झारखण्ड खनिज संपदा के समतुल्य खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान बनायेगा। यह बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कही। मुख्यमंत्री नव चयनित खेल पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति तैयार हो चुकी है। जल्द इसे मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति हेतु रखा जायेगा। राज्य के युवाओं को अपने हुनर को दिखाने का अवसर जल्द मिलेगा। राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए पोर्टल दुर्गा पूजा से पूर्व लांच करने की योजना बना रही है, जहां मौजूदा खिलाड़ी, प्रशिक्षक रेफरी, सेवानिवृत्त खिलाड़ी अपना पूर्ण विवरण दर्ज करा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ बच्चे सीधी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। पूर्व में सीधी नियुक्ति हुई थी। लेकिन इस दरमियान कई बच्चों ने अपना जौहर दिखाया है वह इससे  छूट नहीं जांय। इसलिए सरकार ने एक माह का समय दिया है ताकि बच्चे अपना आवेदन दे सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य पोटो हो खेल योजना का शुभारंभ किया गया। इसके तहत ग्रामीण स्तर पर खेल का मैदान तैयार हो रहा है। सरकार पंचायत से लेकर राजधानी तक नेटवर्क बनाने की तैयारी में है। ताकि खेल के विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित हो और खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि संक्रमण के दौर में भी राज्य में 18 दिवसीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कराया गया। जेएससीए द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में करीब सभी जिला के खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और खिलाड़ी उत्साह से लबरेज भी हुए। लाखों लोगों ने इस टूर्नामेंट को ऑनलाइन देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फीफा वर्ल्ड कप अंडर 17 महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने वाले भारतीय टीम का प्रशिक्षण गोवा में हो रहा था। टूर्नामेंट के लिए बारह लड़कियों का चयन झारखण्ड से हुआ है, जिनमें से छः लड़कियां अवश्य इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से खेलेंगी। राज्य सरकार ने इस टूर्नामेंट में भाग ले रहीं देश भर की खिलाड़ियों को आमंत्रण भेजा है। ताकि झारखण्ड में अभ्यास कर रहीं राज्य की बच्चियों के साथ देश भर से चयनित खिलाड़ी अभ्यास कर सकें। इसकी स्वीकृति भी सरकार को मिल चुकी है।

नव नियुक्त जिला खेल पदाधिकारियों का पदस्थापन लॉटरी के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष ही सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री खुद पर्ची खोल उनके पदस्थापन की घोषणा की। नव चयनित पदाधिकारियों ने बॉक्स से पर्ची निकाल मुख्यमंत्री को सौंपा और मुख्यमंत्री ने पर्ची में लिखे जिला के नाम की घोषणा की। गृह जिला के आने पर पुनः उनसे पर्ची निकलवा पदस्थापित किया गया। पदस्थापन से संबंधित अधिसूचना पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने अपने हस्ताक्षर समारोह के दौरान ही किये।

तुषार राज (पदस्थापन-सिमडेगा जिला), सुशांत कुमार पोद्दार(पदस्थापन- गढ़वा जिला), रूपा रानी तिर्की(पदस्थापन- चाईबासा जिला), अमित कुमार(पदस्थापन- गिरिडीह जिला), अर्जुन बारला(पदस्थापन-हजारीबाग), अग्नेश कुमार त्रिपाठी(पदस्थापन-रामगढ़ जिला), बुरण पाहन(पदस्थापन-पूर्वी सिंहभूम), दिलीप कुमार(पदस्थापन- साहेबगंज जिला), कैलाश राम(पदस्थापन- दुमका जिला), कुमारी हेमलता(पदस्थापन- गुमला जिला), मनोज कुमार(पदस्थापन-पाकुड़ जिला), मरतश हेम्ब्रम(पदस्थापन- बोकारो जिला), मुकुल राज(पदस्थापन-  खूंटी जिला), प्राण महतो(पदस्थापन- चतरा जिला), प्रवीण कुमार(पदस्थापन- कोडरमा जिला), राहुल कुमार(पदस्थापन- गोड्डा जिला), राजेश कुमार चौधरी(पदस्थापन- देवघर जिला), राम मुर्मू(पदस्थापन- जामताड़ा जिला), संजीत कुमार(पदस्थापन- सरायकेला जिला), संतोष कुमार(पदस्थापन- धनबाद जिला), शिवेंद्र कुमार सिंह(पदस्थापन-लातेहार जिला), उमेश लोहरा(पदस्थापन- पलामू जिला), उपवन बाड़ा(पदस्थापन-रांची जिला एवं उदय भगत(पदस्थापन- लोहरदगा जिला) को नियुक्ति पत्र के साथ साथ पदस्थापित भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग पूजा सिंघल, नव नियुक्त जिला खेल पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।