झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

बिना लाइसेंस चल रही तीन पटाखा दुकानों को प्रशासन ने किया सील, तीनों हैं थोक कारोबारी, लाइसेंस का नवीकरण होने के बाद खुलेगा

जमशेदपुर। शहर के आसपास स्थित पटाखा के तीन थोक कारोबारियों के गोदाम व दुकान को प्रशासन ने सील कर दिया। लाइसेंस की मियाद समाप्त होने के बाद इन कारोबारियों द्वारा स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से गोदाम में पटाखा का भंडारण किया गया था और उस स्थान से बिक्री भी की जा रही थी। एनएच-33 पर स्थित देवघर गांव में रामावतार गुलाटी व आशीष गुलाटी पटाखा का भंडारण व बिक्री करते थे। दोनों के लाइसेंस की मियाद मार्च 2020 में समाप्त हो गई थी। इसके अलावा पोटका के गितीलता में हर्षप्रीत सिंह द्वारा लाइसेंस की मियाद समाप्त होेने पर पटाखा का भंडारण व बिक्री की जा रही थी।

सिंह के लाइसेंस की मियाद 2019 में ही समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद ये लोग पटाखा का कारोबार इन स्थानों से कर रहे थे। दीपावली के समय पटाखा का कारोबार करने के लिए इन लोगों ने अस्थाई लाइसेंस ले लिया व इसी के आधार पर कारोबार कर रहे थे। प्रशासन ने दीपावली के बाद जब पटाखा कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा कसा तो इन तीनों ने लाइसेंस के नवीकरण के लिए आवेदन दिया था। इसके बाद इनके फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ है। इसके बाद एसडीओ नीतीश कुमार ने जमशेदपुर के अंचलाधिकारी अनुराग तिवारी व मानगो की अंचलाधिकारी कामिनी कौशल के साथ तीनों स्थानों पर जाकर जांच की। जांच के बाद गोदाम व दुकान को अगले आदेश तक सील कर दिया है। लाइसेंस का नवीकरण होने के बाद खुलेगा।