झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भोजपुरी फिल्म – ‘छैला सन्दू- ए ट्रायबल लव स्टोरी’ प्रदर्शन के लिए तैयार

जय श्रीकृष्णा फिल्म प्रोडूक्शन्स के बैनर तले निर्मित भोजपुरी फिल्म-‘छैला सन्दू-ए ट्रायबल लव स्टोरी’ प्रदर्शन के लिए तैयार है। अब यह फिल्म बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुंचने वाली है। झारखंड की धरती पे आदिकाल में घटी एक सत्य घटना पर आधारित इस फिल्म के निर्माता राजेन्द्र बगड़िया,सहनिर्माता लक्ष्मी प्रसाद अग्रवाल व मुकेश सावन हैं। पटकथा लेखक मनोज कुमार शर्मा, संगीतकार उमेश मिश्रा, गीतकार मुकेश सावन, छायाकार इमरान अंसारी, नृत्य निर्देशक मयंक श्रीवास्तव व संतोष सर्वदर्शी,एक्शन डायरेक्टर सुयोग रिजाल और कला निर्देशक सतीश गिरि हैं। इस फिल्म के नायक हैं राहुल सिंह व नायिका तनुश्री हैं। अन्य मुख्य कलाकार उदय श्रीवास्तव, आनंद देव मिश्रा, गोपाल राय, माया यादव, आशा चैहान, राहुल सिंह राज, उज्जवल कुमार राॅकी, अरविन्द सावन, पंकज सिंह बिट्टू और आकांक्षा दुबे आदि हैं। झारखंड की लोक कला संस्कृति को उजागर करती इस भोजपुरी फिल्म का नायक (राहुल सिंह) एक गरीब परिवार का लड़का है और बांसुरी वादक है। नायिका (तनुश्री) नायक की बांसुरी से प्रभावित होकर उससे प्रेम करने लगती है। लेकिन दोनों का प्रेम उस इलाके में काफी चर्चित हो जाता है और एक समय ऐसा आता है कि समाज उन्हें स्वीकार करने से इंकार कर देता है लिहाजा दोनों को काफी संघर्ष करना पड़ता है।विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करते हुए किस तरह दोनों अपने प्यार की मंजिल पाते हैं वही इस फिल्म का मुख्य कथानक है। बहुचर्चित हिन्दी फिल्म ‘शूद्र-ए लव स्टोरी’ और ‘पहल’ का निर्देशन कर चुके फिल्म निर्देशक संजय आर. निषाद की नवीनतम भोजपुरी फिल्म- ‘छैला सन्दू-ए ट्रायबल लव स्टोरी’ की सम्पूर्ण शूटिंग झारखण्ड प्रदेश के बेहद खूबसूरत लोकेशनों पर की गयी है।

काली दास पाण्डेय