झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भारतीय जनसंघ एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीनिवास दुबे पंचतत्व में हुए विलीन, उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जताया गहरा शोक

भारतीय जनसंघ एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीनिवास दुबे पंचतत्व में हुए विलीन, उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जताया गहरा शोक

जमशेदपुर। जमशेदपुर महानगर अंतर्गत जनसंघ काल के नेता एवं भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित करने वाले गोलमुरी क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती निवासी श्रीनिवास दुबे आज पंचतत्व में विलीन हो गए। भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला उपाध्यक्ष एवं गोलमुरी मंडल के अध्यक्ष के रूप में कई महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित करने वाले श्रीनिवास दुबे के निधन होने से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है, उनके निधन की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उनके निवास स्थान पर पहुंचे, देखते ही देखते काफी संख्या में लोगों का जमावड़ा लग गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीनिवास दुबे के निधन पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास दुबे का जीवन जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने जमशेदपुर में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनका निधन भाजपा परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि उनके अनुशासन और पार्टी के प्रति समर्पण की भावना भाजपा कार्यकर्ताओं को सदैव संस्कारित करते रहेंगे। उनका निधन पार्टी और सामाजिक स्तर पर बड़ी क्षति है जिसकी कमी पार्टी को हमेशा खलती रहेगी

इससे पहले गोलमुरी अंतर्गत नामदा बस्ती स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन को आने वाले सभी लोगों की आंखें नम थी। भाजपा महानगर के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार, मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, खेमलाल चौधरी, अप्पा राव, हलधर नारायण साह, अशोक सामंत, मोहन कुमार, विजेंद्र सिंह, बी श्रीनिवास राव, जसबीर सिंह समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने पार्थिव शरीर को पार्टी के ध्वज से सम्मान करते हुए पुष्पमाला अर्पित कर नमन किया। भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनके बड़े पुत्र ने मुखाग्नि दी।