झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भारत बंद के समर्थन में सड़क पर उतरी कांग्रेस, कहा- किसानों का हक दिलवाकर रहेंगे

कृषि कानून के खिलाफ किए गए भारत बंद का असर राजधानी रांची में भी देखने को मिल रहा है. शहर में बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरी और कानून वापस लेने की माग की
रांचीः केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून के खिलाफ भारत बंद का राजधानी में व्यापक असर देखने को मिल रहा है. कांग्रेस पार्टी बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरी है. कांग्रेस ने कहा है कि जब तक किसानों को हक नहीं मिल जाता, तब तक पार्टी आंदोलनरत रहेगी.
कांग्रेस पार्टी ने किया आंदोलन का समर्थन
कृषि कानून के खिलाफ किसानों के भारत बंद का कांग्रेस ने पुरजोर समर्थन किया है. इसके तहत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी नेता और कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतर आए हैं और जगह-जगह धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में पंडरा कृषि बाजार समिति के पास से कांग्रेस पार्टी के मांडर विधायक बंधु तिर्की के नेतृत्व में बंद के समर्थन में पैदल मार्च किया गया. इस दौरान उन्होंने पिस्का मोड़ चौक पर धरना भी दिया गया. उन्होंने बंद को पूरी तरह से सफल बताते हुए कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं लिए जाता, तब तक विरोध और आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान कांग्रेस पार्टी के महागामा विधायक दीपिका पांडे सिंह और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. विधायक दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि भारत बंद का व्यापक असर देखकर केंद्र सरकार को यह पता चल गया होगा कि किसानों में कितना आक्रोश है. वहीं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि किसानों को उनका हक दिलाकर रहेंगे. जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता तब तक पार्टी आंदोलन करती रहेगी.