झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजयुमो ने पत्रकारों और पुलिसकर्मियों के बीच दी सेवा जताया आभार

भाजयुमो ने पत्रकारों और पुलिसकर्मियों के बीच दी सेवा जताया आभार

जमशेदपुर। शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को शहर की व्यवस्था में लगे ट्रैफिक पुलिस के जवान और पत्रकारों को पानी की बोतलें,एन 95 मास्क, सेनेटाइजर, हैंड ग्लव्स और फेस शील्ड भेंट किया। भाजयुमो प्रदेश कार्यक्रम समन्वयक प्रभारी उमेश पांडेय द्वारा ‘सेवा ही संगठन’ मुहिम के तहत चलाए गए अभियान में भाजपा जिलाध्यक्ष गुँजन यादव एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान साकची गोलचक्कर पर सेवा दे रहे दर्जनों पुलिसकर्मी एवं शहर के पत्रकारों के बीच मास्क, सेनेटाइजर, ग्लव्स, फेस शील्ड भेंटकर आभार जताया गया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने कहा कि पूरा विश्व कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है, शहर में भी संक्रमितों की संख्या बहुत अधिक बढ़ रही है। कोरोना काल में पत्रकारों की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए पत्रकारों और पुलिसकर्मियों के बीच संक्रमण से बचाव हेतु सैनिटाइजर, मास्क इत्यादि बांटा गया। गुँजन यादव ने राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों को फ्रंट लाइन वारियर्स का दर्जा नहीं दिए जाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य सरकार से लगातार मांग की है कि इस संकटकाल में पत्रकार बंधु फ्रंट लाइन वारियर्स के रूप में राज्य की सेवा कर रहे हैं, सरकार और डॉक्टरों के निर्देशों को जनता तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे में जब हमारे पड़ोसी राज्यों ने पत्रकारों को फ्रंट लाइन वारियर्स का दर्जा दिया है तो राज्य सरकार की उदासीनता अत्यंत दुःखद है।

*भाजपा ने टीकाकरण केंद्र पर बांटे सेनेटाइजर व मास्क:* भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा युवाओं के लिए बने टीकाकरण केंद्र केरला समाजम स्कूल में युवाओं के बीच पानी की बोतलें, सेनेटाइजर एवं मास्क का वितरण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गुँजन यादव ने युवाओं से टीकाकरण के पश्चात विशेष चौकस रहने की अपील की। साथ ही टीकाकरण के प्रति अन्य लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान सुधीर तिवारी, अविनाश मिश्रा, कौशिक स्वैन, प्रकाश दुबे और अन्य कई लोग उपस्थित थे।