झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजपा सिर्फ विपक्ष पर हमला करना जानती है, चीन पर हमला करना नहीं जानती : डॉक्टर अजय कुमार

रांची। आम आदमी पार्टी से लौटे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ विपक्ष पर हमला करना जानती है, चीन पर हमला नहीं कर सकती। अमेरिका बता रहा है कि 60 हजार चीनी जवान सीमा पर तैनात हैं। भारत का 1200 किलोमीटर क्षेत्र पर चीन ने कब्जा कर लिया है और भारत के पीएम और रक्षा मंत्री चुप बैठे हैं। डॉक्टर अजय कुमार सोमवार को गिरिडीह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ की और कहा कि देश के लिए राहुल गांधी से बेहतर नेता हो ही नहीं सकता। सिर्फ वही किसान, मजदूरों और देशवासियों के हित में लड़ाई लड़ सकते हैं।

वे पूर्व सांसद तिलकधारी प्रसाद सिंह से भी उनके आवास पर मिलने पहुंचे। इससे पूर्व वे यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल कर संगठन के बारे में जानकारी ली। डॉ. अजय ने कहा केंद्र सरकार ढिंढोरा पीट रही है कि किसान अब अपनी फसल कहीं भी किसी को बेच सकते हैं। जबकि हकीकत है कि 85 प्रतिशत किसान दो हेक्टेयर से कमी जमीन पर खेती करते हैं। 95 प्रतिशत किसानों ने इतिहास में कभी जिला से बाहर अपनी उपज बेचा ही नहीं। सरकार को धान, चावल, गेहूं मक्का और सब्जी तक की एमएसपी घोषित करनी चाहिए। लेकिन सरकार ऐसा नहीं करेगी। यदि एमएसपी घोषित कर देती है तो वे सेठ-साहूकार और बिचौलिए मित्रों को मदद नहीं कर पाएंगे।

संगठन में जिम्मेवारी के लिए तैयार
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के मुखर होने और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ मीडिया में बयानबाजी के सवाल पर कहा कि जरूरत पड़े तो धरना भी दिया जा सकता है। भ्रष्टाचार के कारनामे को उजागर किया जा सकता है। इसमें अपनी सरकार के खिलाफ जाने जैसी कोई बात नहीं है। पार्टी में गुटबाजी से इंकार किया। प्रदेश कमेटी में जिम्मेवारी पर कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी जाएगी उसे वे ईमानदारी से निभाएंगे। उनका कांग्रेस से कभी मोह भंग नहीं हुआ था।

अल्पसंख्यक पर में हो रहा है हमला
अजय कुमार ने कहा कि हाथरस घटना की पीड़िता का लाश बगैर उनके परिवार वालों की अनुमति के ही जला दिया, विधि-विधान से अंतिम संस्कार नहीं किया। ऐसा सिर्फ इसलिए किया क्योंकि वह अनुसूचित जाति की बेटी थी। इस देश में जिस जाति-धर्म के लोगों की संख्या कम है, उस पर हमला हो रहा है। कमजोर वर्ग का चीरहरण हो रहा है। मजदूरों का भी यह सरकार शोषण कर रही है। मजदूरों की सुरक्षा के लिए 70 साल में जो काम कांग्रेस ने उसे भाजपा ने 70 महीने में खत्म कर दिया।