झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

सरदार पटेल की प्रतिमा लगाये जाने पर टाटा स्टील की आपत्ति पर भाजपा आक्रोशित कहा लौहनगरी में लौहपुरुष के प्रति यह आचरण असहनीय

सरदार पटेल की प्रतिमा लगाये जाने पर टाटा स्टील की आपत्ति पर भाजपा आक्रोशित कहा लौहनगरी में लौहपुरुष के प्रति यह आचरण असहनीय

जमशेदपुर। बिस्टुपुर खरकई गोलचक्कर के समीप लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा लगाये जाने पर टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा जिला उपायुक्त से शिकायत किये जाने को लेकर भाजपा ने नाराजगी जताई है। भाजपा महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने कहा कि लौहनगरी जमशेदपुर में लौहपुरुष के प्रति ऐसा आचरण अत्यंत दुःखद और असहनीय है। रविवार को जारी प्रेस-विज्ञप्ति में जिलाध्यक्ष गुँजन यादव ने कहा कि सरदार पटेल की प्रतिमा को लगाने संबंधी अनुमति के लिए सांसद विद्युत वरण महतो ने टाटा स्टील के पदाधिकारियों को दर्जनों बार पत्र लिखकर अनुमति मांगी। कई बार वरीय पदाधिकारी से मिलकर इस ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया। परंतु इस दिशा में कोई पहल नहीं करने पर अंततः भाजपा ने जन भावनाओं का सम्मान कर राष्ट्रीय एकता दिवस पर उनकी प्रतिमा स्थापित की। परंतु टाटा स्टील प्रबंधन अनावश्यक रूप से इस पर विवाद खड़ा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर समाज के प्रतिनिधियों ने अनेकों बार अपनी मांगों को रखा था जिस पर सांसद ने संज्ञान लेकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश के महापुरुष हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। देश के महापुरुषों को अपमानित करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
वहीं ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने भी इस मामले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील प्रबंधन को देश के महापुरुषों के सम्मान के प्रति और संवेदनशील होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के आपत्ति के बाद अगर प्रतिमा को किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचती है या फिर उसे हटाये जाने की पहल की जाती है तो पूरा पटेल समाज सहित मोर्चा के कार्यकर्तागण कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के विरोध में उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी कीमत पर ऐसे कुत्सित इरादों को सफल होने नहीं देगी।