झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

शारदामणि गर्ल्स हाईस्कूल की छात्रा ऋतु मुखी के निधन पर भाजपा ने जताया गहरा शोक जिला प्रशासन से दोषी शिक्षकों को कठोर सजा दिलाने की मांग की

शारदामणि गर्ल्स हाईस्कूल की छात्रा ऋतु मुखी के निधन पर भाजपा ने जताया गहरा शोक जिला प्रशासन से दोषी शिक्षकों को कठोर सजा दिलाने की मांग की

जमशेदपुर: जमशेदपुर के शारदामणि गर्ल्स हाई स्कूल के कक्षा नौवीं की छात्रा ऋतु मुखी ने घटना के छठे दिन टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में दम तोड़ दिया। चिकित्सकों द्वारा लगातार प्रयासों के बाद भी ऋतु को नहीं बचाया जा सका। ऋतु के निधन पर भाजपा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने ऋतु के निधन को दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक पर प्रशासन कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर समाज में उदाहरण पेश करे। कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि इस घटना ने शिक्षक और छात्र के बीच के रिश्ते को शर्मसार किया है। शिक्षा की खराब सिस्टम ने एक निर्दोष बच्ची की ही जान नही ली है बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था को भी अपमानित किया है। उन्होंने ऋतु के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही कुणाल ने शिक्षकों से छात्रों के मामले में संवेदनशील बनने का आग्रह किया है। जिससे समाज में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो।
वहीं भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने भी ऋतु के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मामले पर वरीय पुलिस अधीक्षक से दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। परंतु यह अत्यंत पीड़ादायक है कि ऋतु अब हमारे बीच नहीं है। गुंजन यादव ने कहा कि भाजपा जमशेदपुर महानगर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन से दोषी शिक्षकों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति और शोकाकुल परिवारजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति दें।
ज्ञात हो कि साकची के शारदामणि गर्ल्स हाई स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा ऋतु को स्कूल की शिक्षिका ने परीक्षा के दौरान नकल की जांच के नाम पर कपड़े उतरवा कर जांच की थी। इसी घटना से आहत होकर उसने बीते शुक्रवार को अपने घर जाकर खुद पर किरोसीन छिड़ककर आग लगा ली थी।