झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

पुलिस लाइन में महिला पुलिस समेत तीन की हत्या, जानिए क्या है मामला

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी पुलिस लाइन जैसे अति सुरक्षित क्षेत्र के फ्लैट संख्या ब्लाक संख्या दो के जी-पांच के फ्लैट में महिला सिपाही सबिता हेम्ब्रम, उसकी 13 वर्षीय पुत्री गीता हेम्ब्रम और मां लखिया मुर्मू की हत्या कर दी गई। पुलिसकर्मी का शव बिस्तर पर और बेटी और मां का शव जमीन में पड़ा हुआ गुरुवार देर रात बरामद किया गया। सबिता हेम्ब्रम एसएसपी कार्यालय में पदस्थापित थी।
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से पुलिस लाइन परिसर में सनसनी फैल गई। सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी के विजय शंकर समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फ्लैट की दीवार में खून के छींटे इधर-उधर बिखरे हुए थे। फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर सैंपल एकत्र कर रही है। हत्या में रिश्तेदार की संलिप्तता सामने आ रही है। महिला सिपाही की बहन रानी मार्डी ने हत्या का संदेह बहन के देवर और अन्य पर व्यक्त किया है। देवर डुमरिया के कुदूसाई में रहता है।
वहीं एसएसपी ने कहा कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का ही है। अलग-अलग पुलिस टीम को लगाई गई है। महिला सिपाही दो दिन से डयूटी पर नहीं आ रही थी। गुरुवार देर रात उसका, पुत्री और मां का शव फ्लैट से बरामद किया गया। फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों की सूचना पर दरवाजा को तोड़ा गया। गोलमुरी पुलिस लाइन परिसर में हत्या को लेकर चर्चा होती रही। पुलिस हत्यारे की शिनाख्त को सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही कि हत्या में धारदार हथियार का प्रयोग किया गया है।इधर, रानी मार्डी ने बताया कि बहन से तीन दिन पहले उसकी बातचीत हुई थी। गुरुवार देर शाम 8.30 बजे सबिता के साथ ही एसएसपी कार्यालय में काम करने वाली लक्ष्मी हांसदा से जानकारी मिली कि बहन दो दिन से डयूटी पर नहीं जा रही है। कुछ जानकारी है क्या कहां गई है। इससे वह अवाक रह गई।