झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक असहिष्णुता ममता बनर्जी के इशारों पर : दिनेश कुमार

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक असहिष्णुता ममता बनर्जी के इशारों पर : दिनेश कुमार

बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद हिंसा की घटनाओं से आक्रोशित जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल के इंदस विधानसभा के चुनाव प्रभारी रहे दिनेश कुमार ने तीव्र भर्त्सना की है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या, दुष्कर्म के वारदातों के विरुद्ध पार्टी निर्देशित आंदोलन के तहत जमशेदपुर स्थित अपने आवास पर धरना दिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लोकतंत्र का हत्यारा बताते हुए बंगाल में हुए हिंसा का दोषी बताया। कहा कि उनके ही संरक्षण और निर्देश पर टीएमसी संपोषित गुंडों ने पश्चिम बंगाल को हिंसा की आग में झोंक दिया। दिनेश कुमार ने कहा कि बंगाल की घटना ने हमें दुखी और हैरान किया है। मैंने ऐसी घटनाओं के बारे में भारत के बंटवारे के वक्त सुना था। कश्मीरी पंडितों के नरसंहार के बारे में सुना था, वैसे ही घटनाओं को ममता बनर्जी के इशारों पर पश्चिम बंगाल में अंजाम दिया जा रहा है। भाजपा समर्थित हिंदुओं को जान बूझकर निशाने पर लिया जा रहा है। आजाद भारत में चुनाव परिणाम के बाद पहले कभी ऐसी असहिष्णुता नहीं देखी थी। दिनेश कुमार ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि परिस्थितियों का आंकलन करते हुए शीघ्रातिशीघ्र केंद्रीय सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की जानी चाहिए और गुंडा तत्वों पर नियंत्रण के लिए राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए।