झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर भाजपा में शोक की लहर पूर्व सीएम सहित कई नेताओं ने जताया गहरा दुख

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर भाजपा में शोक की लहर पूर्व सीएम सहित कई नेताओं ने जताया गहरा दुख

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष एवं पूर्व सांसद कोल्हान के कद्दावर नेता लक्ष्‍मण गिलुवा का गुरुवार को निधन हो गया। रात करीब 2 बजकर 50 मिनट पर उन्‍होंने जमशेदपुर के टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में अंतिम सांस लीं। कोरोना संक्रमित होने के पश्चात टाटा मोटर्स अस्पताल में पिछले सात दिनों से उनका इलाज चल रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष गुँजन यादव ने लक्ष्मण गिलुवा के निधन की खबर पाकर टाटा मोटर्स अस्पताल में कार्यकर्ताओं के साथ पार्थिव शरीर पर सम्मानस्वरूप पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई हेतु परिजनों के संग चक्रधरपुर रवाना किया। इस दौरान जिला मंत्री पप्पू सिंह, टेल्को मंडल अध्यक्ष हेमंत सिंह, भाजयुमो कोल्हान प्रभारी प्रदीप मुखर्जी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं, लक्ष्मण गिलुवा के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव समेत कई नेताओं ने दुःख जताया है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा के निधन की ख़बर से मन व्यथित है। उनका यूँ असमय जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। गिलुवा जी का सम्पूर्ण जीवन प्रदेश, समाज और संगठन की सेवा के प्रति समर्पित रहा है। उनके निधन से झारखंड प्रदेश की राजनीति में जो शून्यता आयी है उसकी भरपाई निकट भविष्य में मुश्किल है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना एवं उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूँ। ओम शांति।
रघुवर दास
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री, झारंखड
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के आकस्मिक निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह लक्ष्मण गिलुवा के निधन की खबर सुनते ही टाटा मोटर्स पहुँच कर कार्यकर्ताओं के संग सारी कागज़ी औपचारिकता पूरी कर पार्थिव शव को उनके पैतृक निवास स्थान के लिये विदा किया। उनका निधन प्रदेश की राजनीति एवं सामाजिक क्षितिज के लिए अपूर्णीय क्षति है।
कुणाल षाड़ंगी प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिभावकस्वरूप लक्ष्मण गिलुवा के निधन की ख़बर से मर्माहत हूँ। उनका निधन संगठन व समाज के लिए बड़ी क्षति है। संगठन में उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला। कई मौकों पर एक साथ मंच साझा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनके निधन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर गहरी संवेदना प्रकट करती है। पार्टी ने आपना एक महत्वपूर्ण अभिभावक को खो दिया।
गुँजन यादव अध्यक्ष,भाजपा जमशेदपुर महानगर
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा सरल, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से भाजपा का एक मजबूत स्तंभ ढह गया है। उनका निधन कोल्हान प्रमंडल के कार्यकर्ताओं के लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे सदैव हमारी स्मृतियों में चिरस्थायी बनें रहेंगे।
अनिल मोदी,महामंत्री,भाजपा जमशेदपुर महानगर
लक्ष्मण गिलुवा के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनके साथ लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला। एक कुशल संगठनकर्ता एवं जनप्रतिनिधि के रूप में उनके कार्य सदैव स्मरण किये जायेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें।
राकेश सिंह,महामंत्री,भाजपा जमशेदपुर महानगर

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा का यूँ असामयिक निधन राज्य, संगठन, समाज के लिए बड़ी क्षति है। उनकी सादगी, स्वभाव और व्यक्तित्व हजारों कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करेगा। संगठन में उनके मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिला, कई मौकों पर उनका आशीर्वाद प्राप्त हुआ। संगठन में एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
प्रेम झा जिला प्रवक्ता,भाजपा जमशेदपुर महानगर
लक्ष्मण गिलुवा सरल, सहज एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन का समाचार बहुत पीड़ादायक है। उनके साथ लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला। प्रदेश में संगठन के विस्तार में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। ईश्वर उनकी आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।
चंद्रशेखर मिश्रा पूर्व जिलाध्यक्ष,भाजपा जमशेदपुर महानगर

लक्षमण गिलुवा के निधन से स्तब्ध हूँ। गिलुवा का जीवन प्रदेश व संगठन की सेवा में समर्पित रहा। उनका निधन भाजपा के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति दें।
कुलवंत सिंह बंटी, भाजपा नेता