झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने इंडिया गठबंधन पर बोला हमला कहा- सुनिश्चित हार को देखकर प्रत्याशी उतारने की हिम्मत नही जुटा पा रहे इंडीया गठबंधन

नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने इंडी गठबंधन पर बोला हमला कहा- सुनिश्चित हार को देखकर प्रत्याशी उतारने की हिम्मत नही जुटा पा रहे इंडिया गठबंधन, लोकसभा चुनाव में झामुमो-कांग्रेस और राजद का होगा सूपड़ा साफ, चंपाई सोरेन को बताया केयर टेकर सीएम, कल्पना सोरेन पर भी साधा निशाना।

जमशेदपुर- झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मंत्री सह चंदन कियारी के विधायक अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अठारहवीं लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद भाजपा नीत एनडीए गठबंधन ने झारखंड की सभी चौदह सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। लेकिन इंडीया गठबंधन के पास प्रत्याशियों का टोटा पड़ गया है।
झामुमो-कांग्रेस और राजद गठबंधन अपनी सुनिश्चित हार को देखते हुए जमशेदपुर सहित कई सीटों पर प्रत्याशी उतारने का साहस अब तक नही कर पाई है। प्रदेश की सभी चौदह लोकसभा सीटों पर भाजपा एनडीए गठबंधन की जीत होगी और नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मंत्री अमर बाउरी रविवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के साकची स्थित जिला कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जमशेदपुर लोकसभा के संयोजक सह प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि सीएम चंम्पाई सोरेन का चौदह सीटों पर जीत का बयान मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने जैसा है आज पूरा झारखंड प्रश्न कर रहा है कि सीएम चंम्पाई सोरेन के साथ इतनी बेचारगी क्यों है? आज झामुमो की चुनावी रणनीति और सभाओं से सीएम चंम्पाई सोरेन को दरकिनार कर दिया गया है और मैडम कल्पना सोरेन वंशवादी और परिवारवाद की राजनीति का नेतृत्व कर रही है। उन्होंने कहा कि आज झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष गुरूजी हैं, कार्यकारी अध्यक्ष जेल में हैं। ऐसे में परिवारवाद और वंशवादी राजनीति का सबसे सटीक और अनुपम उदाहरण बन चुकी कल्पना सोरेन ना तो पार्टी के किसी पद पर हैं और ना ही उनके पास कोई राजनीतिक अनुभव है। फिर वे किस हैसियत से निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं और राजनीति के केंद्र में काबिज हैं। अमर बाउरी ने सुदीव्य सोनू के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका बयान ‘आप विधायक नहीं मुख्यमंत्री चुन रहे हैं’ इसका आशय क्या है? क्या सीएम चंम्पाई सोरेन के दिन पूरे हो गए हैं। क्या अब उनकी विदाई का समय आ गया है।
अमर बाउरी ने कहा कि एक समय जब कांग्रेस के शासनकाल में मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री बने थे उस समय मैडम सोनिया गांधी सत्ता के केंद्र में काबिज थी। परिवारवाद राजनीति का आरोप हम यूं ही नहीं लगाते हैं यह सारे पिछले उदाहरण हैं। वहीं, आज येही परिस्थिति झारखंड की भी है। जहां सत्ता की सारी ताकत मैडम कल्पना के हाथों में है और चंम्पाई सोरेन केयर टेकर सीएम और कठपुतली मात्र बनकर रह गए हैं।
अमर बाउरी ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी भी पार्टी का स्टार प्रचारक होता है परंतु सीएम चंम्पाई सोरेन अपने विधानसभा में तीन दिन का कार्यक्रम बनाकर बैठे हुए हैं। इसका स्पष्ट मतलब यह है कि मैडम कल्पना सोरेन ने उन्हें उनके विधानसभा तक सीमित करने का कार्य कर दिया है।
वहीं, अमर बाउरी ने कहा कि जमशेदपुर सहित झारखंड की 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी और प्रदेश की प्रबुद्ध जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प यात्रा में हिस्सेदार बनेगी। अमर बाउरी ने कहा कि राज्य में साढ़े चार साल के लूट, भ्रष्टाचार और कारनामों से आसन्न लोकसभा चुनाव में झामुमो-कांग्रेस और राजद का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
अमर बाउरी ने भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र का ज़िक्र करते हुए कहा कि संकल्प पत्र युवाओं, किसानों और महिलाओं के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जिसमें 2025 में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती राष्ट्रीय स्तर पर मनाई जाएगी। भाजपा आदिवासी विरासत पर शोध को बढ़ावा देगी और डिजिटल जनजातीय कला अकादमी की स्थापना की जाएगी।