झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

लाठी गोली खाएंगे, घाटहिं छठ मनाएंगे

जमशेदपुर । सरकारी पाबंदी के विरोध में जमशेदपुर में सत्याग्रह शुरू हो गया है। भोजपुरी नवचेतना मंच के अप्पू तिवारी ने कहा कि जमशेदपुर में सरकार के इस अविवेकपूर्ण और तुगलकी फ़रमान के विरोध में मंगलवार को सत्याग्रह अभियान की शुरुआत हो गई। मंच के आह्वान पर सुबह से ही शहर के कई धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए महापर्व छठ के लिए सत्याग्रह शुरू किया। मंच ने नारा दिया है  “लाठी गोली खाएंगे, घाटहिं छठ मनाएंगे”।

इसके साथ ही सत्याग्रहियों ने मानगो के स्वर्णरेखा नदी स्थित गांधी घाट पर सफ़ाई अभियान चलाया, ताकि व्रतियों को असुविधा ना हो। भोजपुरी नवचेतना मंच समेत तमाम संगठनों ने घाट पर सत्याग्रह अभियान से झारखंड सरकार और जिला प्रशासन को यह संदेश दे दिया है कि वे लोकआस्था के महापर्व पर किसी भी तरह की सरकारी पाबंदी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मंच के संस्थापक अप्पू तिवारी ने कहा कि झारखंड सरकार ने जाने-अनजाने में हिंदू आस्था को आहत करने का अपराध किया है।

इससे व्रतियों और श्रद्धालुओं में सरकार के विरुद्ध असंतोष और नाराजगी है। पहचान फाउंडेशन के राज गुप्ता ने भी छठ पूजा पर सरकारी पाबंदी का विरोध करते हुए इसे हिंदू आस्था पर चोट बताया। भोजपुरी नवचेतना मंच ने कहा कि यदि झारखंड सरकार गाइडलाइंस में संशोधन कर घाटों पर पर्व मनाने की छूट देगी तो उस निर्णय का स्वागत होगा। निर्णय नहीं बदलने की स्थिति में भी वे हर हाल में नदी घाट पर ही छठ महापर्व मनाएंगे। कहा कि संविधान ने धार्मिक स्वतंत्रता की आजादी दी है, सरकार उस आजादी को समाप्त करने का अपराध ना करे।  मंच ने सरकार से जरूरी व्यवस्था करने का निवेदन किया है।