झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

फर्राटा धावक के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने जताया दुःख, बोले- हमेशा दिल में रहेंगे

फर्राटा धावक के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने जताया दुःख, बोले- हमेशा दिल में रहेंगे

भारत के महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह का एक महीने तक कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद शुक्रवार को निधन हो गया. इससे पहले उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर ने भी कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया था.
रांची: देश को राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल दिलाने वाले मशहूर धावक मिल्खा सिंह का निधन हो गया है. उन्होंने चंडीगढ़ के अस्पताल में शुक्रवार रात 11 बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली. मिल्खा सिंह के निधन पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने दुःख व्यक्त किया है.
मिल्खा सिंह के निधन पर सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर शोक जताया. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘मिल्खा सिंह ने करोड़ों भारतीयों समेत पूरी दुनिया को अपनी लगन, मेहनत और जुनून से प्रेरित किया’. दुनिया भर में देश का मान बढ़ाने वाले ”फ्लाइंग सिख” मिल्खा सिंह को नमन. उन्होंने आगे लिखा मिल्खा सिंह सदैव करोड़ों भारतीयों के दिलों में जीवित रहेंगे, परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी दुःख व्यक्त किया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ‘एथलेटिक्स का महान सितारा जिन्हें फ्लाइंग सिख के नाम से जाना जाता है, का निधन एक अपूरणीय क्षति है. युवा खिलाड़ियों के लिए उनका जीवन हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा. उनका जाना खेल जगत की बहुत बड़ी क्षति है. ईश्वर उन्हें मोक्ष प्रदान करे’.
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर मिल्खा सिंह के निधन पर दुःख जताया. उन्होंने लिखा कि ‘फ्लाइंग सिख ‘मिल्खा सिंह’ नहीं रहे. भारतीय एथलीटों के प्रेरणापुंज महान भारतीय एथलीट ने बीती रात अंतिम सांस ली. सैकड़ों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम करने वाले पद्मश्री मिल्खा सदैव एथलीटों को प्रेरित करते रहेंगे. विनम्र श्रद्धांजलि’.
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने मिल्खा सिंह के निधन पर दुःख जताया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ‘महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह के निधन का समाचार बेहद दुःखद है. आज देश ने अपना एक सितारा खो दिया. आप समस्त देशवासियों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत रहे. परमात्मा आपकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे’.
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने भी दुःख व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ‘एथलेटिक्स में दुनियाभर में भारत का परचम लहराने वाले एवं पद्मश्री से सम्मानित फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के निधन की खबर दुःखद है. उनके निधन से खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे. उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं’
मिल्खा सिंह का आज यानी शनिवार को अंतिम संस्कार चंडीगढ़ के सेक्टर-25 के श्मशान घाट में शाम 5:00 बजे किया जाएगा. करीब एक महीने पहले मिल्खा सिंह कोरोना पॉजिटिव हुए थे. कुछ दिनों पहले ही मिल्खा सिंह कोरोना निगेटिव हुए थे, लेकिन अचानक से उनकी तबीयत नाजुक होने लगी. इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के PGI अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई है.