झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

बर्मामाइंस चुना भट्टा में पानी की आपूर्ति बंद किये जाने से त्राहिमाम

बर्मामाइंस चुना भट्टा में पानी की आपूर्ति बंद किये जाने से त्राहिमाम, समस्या को लेकर बस्तीवासियों ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से की मुलाकात, पूर्व सीएम रघुवर दास के हस्तक्षेप से जुस्को ने बस्ती में चालू की जलापूर्ति, शीघ्र मिलेगा सभी घरों को नियमित पानी।

जमशेदपुर। लगातार हो रही बारिश में भी बर्मामाइंस चुना भट्टा के लोग पानी की किल्लत झेल रहे थे। क्षेत्र में जलापूर्ति बंद किये जाने से पूरे बस्ती में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ था। जुस्को द्वारा अचानक बस्ती के पानी सप्लाई को बंद किये जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कई दिनों से टैंकर के माध्यम से बस्तीवासियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की। जिससे लोगों को अस्थायी रूप से राहत मिली। शुक्रवार को चुना भट्टा के लोगों ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास से एग्रिको स्थित आवास पर मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराते हुए इसके निदान की मांग की। बस्तीवासियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में जुस्को के द्वारा पानी की आपूर्ति बंद कर दिया गया है। जिससे पूरे क्षेत्र के सैकड़ों घरों में पानी की बड़ी किल्लत हो गई है। पानी के एकमात्र स्रोत की आपूर्ति बंद किये जाने से समस्या विकराल रूप लेने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने समस्या को गंभीर बताते हुए जुस्को के वरीय अधिकारियों से बात की। उन्होंने चुना भट्टा में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था ना होने तक पुरानी व्यवस्था के तहत जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जुस्को से चुना भट्टा के प्रत्येक घरों में पानी की आपूर्ति हेतु शीघ्र पहल करने की बात कही। जिस पर जुस्को की ओर से देर शाम बस्ती में जलापूर्ति बहाल कर दी गयी। वहीं, एक महीने के अंदर क्षेत्र के लोगों से फॉर्म भरकर जमा करने की बात कही। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति प्रारंभ होने पर बस्तीवासियों ने पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।
इस दौरान मुखिया बर्मा कंसारी, लक्ष्मी पात्रो, खीरो देवी, कमला कंसारी, कौशल्या कंसारी, फुतवल कंसारी, बसंती कंसारी, जानकी कंसारी, गुड़िया कंसारी, शुरवाली कंसारी, पुष्पा कंसारी समेत अन्य बस्तीवासी मौजूद रहे।