झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने उलीडीह थाना के खिलाफ खोला मोर्चा, थाना के समक्ष जिलाध्यक्ष गुंजन यादव के साथ सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी

भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने उलीडीह थाना के खिलाफ खोला मोर्चा, थाना के समक्ष जिलाध्यक्ष गुंजन यादव के साथ सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी

● लाठीचार्ज करने वाले अधिकारी के निलंबन और युवक की गिरफ्तारी पर अड़े भाजपाई, वरीय पुलिस अधिकारी के कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन हुआ खत्म दर्ज की गई लिखित शिकायत।

जमशेदपुर। मानगो क्षेत्र के उलीडीह थाना अंतर्गत कालिकानगर के खानकाह के रहने वाले युवक द्वारा स्कूटी सीख रही एक महिला के साथ की गई अभद्रता पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर उलीडीह थाना गए भारतीय जनता युवा मोर्चा मानगो मंडल के महामंत्री दीपक तिवारी एवं अन्य कार्यकर्ताओं की उलीडीह थाना द्वारा बर्बरता से पिटाई किए जाने पर भाजपा आक्रोशित है। पुलिसिया लाठीचार्ज को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश आज सड़क पर आ गया। आज सुबह भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी, उलीडीह मंडल एवं मानगो मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उलीडीह थाना के द्वेषपूर्ण कार्रवाई के विरोध में थाना के समक्ष प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। जैसे-जैसे कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन की सूचना मिली वैसे-वैसे सभी उलीडीह थाना पहुंचे जिस पर थाना के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गयी। इस दौरान भाजपा नेतागण लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारी के निलंबन की मांग पर अड़ गए और नारेबाजी की। प्रदर्शन की जानकरी मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह मानगो थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक सह आजादनगर थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक सह एमजीएम थाना प्रभारी उलीडीह थाना पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिसिया कार्रवाई का जोरदार विरोध किया।

जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय एवं उलीडीह मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र पासवान और अन्य नेताओं के साथ उलीडीह थाना प्रभारी एवं अन्य वरीय पुलिस अधिकारी ने बैठकर वार्ता की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने कार्यकर्ताओं पर किये गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताया उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष भर लोगों के बीच रहकर उनके मुद्दों पर संघर्ष करने वाली पार्टी है। हमारे कार्यकर्ता जनता की बातों को रखने के लिए और उनकी सेवा में हमेशा तत्पर रहते हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारी द्वारा बिना जांच-पड़ताल के पीड़ित परिवार की मदद में उनके साथ थाना आये कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर देना किसी भी सूरत में स्वीकार नही किया जा सकता। गुंजन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लाठी और बंदूक से डरने वाले नहीं है। यदि जल्दी दोषी पुलिसकर्मी को निलंबित नहीं किया गया और छेड़खानी करने वाले युवक को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति प्रशासन की मानसिकता खुले रूप से सामने आयी है। जिस पर वरीय पुलिस पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करने और छेड़खानी और मारपीट करने वाले युवक की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ता शांत हुए और प्रदर्शन को खत्म किया।

इस दौरान चले लंबी वार्ता में पुलिस निरीक्षक सह मानगो थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक सह आजादनगर थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक सह एमजीएम थाना प्रभारी और उलीडीह थाना प्रभारी के आश्वासन और पहल के पश्चात पीड़ित महिलाएं एवं भाजयुमो कार्यकर्ता दीपक तिवारी द्वारा लिखित प्राथमिकी दर्ज की गई। वरीय पुलिस अधिकारियों ने संबंधित अधिकारी पर जांच के बाद कार्यवाई एवं पीड़ित महिलाओं संग अभद्रता करने वाले शरारती तत्वों की अविलंब गिरफ्तारी की बात कही।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद सिंह, डॉ राजीव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, भाजपा मानगो मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, उलीडीह मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र पासवान, मुचिराम बाउरी, निसार अहमद, सुरेश शर्मा, त्रिदेव चट्टराज, चंचल चक्रवर्ती, दशरथ चौबे, विनय सिंह, रविंद्र तिवारी, शिवप्रकाश शर्मा, नितिन चंद्र त्रिवेदी, घनश्याम साव, संतोष उपाध्याय, कल्लू सिंह, सौरभ डे, सुशील पांडे, संजय सिंह, अशोक कुमार, मीना शर्मा, रेनू शर्मा, माधवी मिश्रा, राहुल कुमार, संदीप शर्मा, राजू प्रजापति, गणेश दास, अजय लोहार, जीतू गुप्ता, पंकज शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।