झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

अबकी बार विरोधियों पर वार चार वर्ष की उपलब्धियों के सहारे हेमंत ने मोरहाबादी में कर दिया चुनावी शंखनाद

अबकी बार विरोधियों पर वार चार वर्ष की उपलब्धियों के सहारे हेमंत ने मोरहाबादी में कर दिया चुनावी शंखनाद

रांची – लगता है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जंगे घोषणा कर दिया है। अवसर था- अपनी सरकार के चार वर्ष पूरा होने के समारोह का रांची का मोरहाबादी मैदान सजा भव्य पंडाल हेमंत सोरेन सरकार के चार साल की उपलब्धियों का बखान तो कर ही रहा था खुद सीएम हेमंत सोरेन ने अपनी उपलब्धियों को गिनाकर इसकी तस्दीक भी कर दी। हालांकि मुख्यमंत्री के सम्बोधन में ज्यादातर वही बातें थीं जो पिछले महीने से शुरू हुई ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में जगह-जगह घूम कर कही गयी थीं, लेकिन चूंकि आज का अवसर विशेष था इसलिए उनका जिक्र करना आवश्यक था। मुख्यमंत्री ने हालांकि ऐसा कुछ नहीं कहा कि उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है लेकिन पूरे राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश को उन्होंने जिस तरह से संदेश देने का प्रयास किया उसके आधार पर यह कहा जा सकता है कि वह लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव हो उसके लिए वह पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में राज्य की जनता के लिए जो कुछ भी किया है, जनता निश्चित तौर पर उनका ही साथ देगी।
आदिवासी दलितों को 50 वर्ष की उम्र से मिलेगी पेंशन मुख्यमंत्री ने आज सिर्फ अपनी उपलब्धियां ही नहीं गिनाईं, बल्कि बड़ी-बड़ी घोषणाएं भी कीं और सौगातें भी दीं। बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य को 4500 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है। जिसमें से 849 करोड़ की 20 योजनाओं का उन्होंने उदघाटन किया वहीं, 3,698 करोड़ की 323 योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर सीएम ने 2,234 युवाओं को नियुक्ति-पत्र भी वितरित किया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आज की सबसे बड़ी घोषणा आदिवासी दलितों के लिए रही। सीएम ने मंच से घोषणा की कि अब से राज्य के आदिवासी दलितों को 60 नहीं, बल्कि 50 वर्ष की उम्र से पेंशन मिला करेगी
इसमें कोई दो राय नहीं है कि हेमंत सोरेन की सरकार जब सत्ता में आयी थी तब दुनिया में कोरोना की शुरुआत हो चुकी थी। देश में कोरोना पाबंदियों की शुरुआत 22 मार्च, 2020 को जनता कर्फ्यू से हुई थी। उसके बाद लॉकडाउन लगाया गया था। वह समय काफी चुनौतीपूर्ण भरा था। जनता ने ही नहीं सरकार ने भी कई चुनौती झेलीं। राज्य में ही नहीं राज्य के बाहर रह रहे झारखंड के लोगों की परेशानियों को समझते हुए हेमंत सरकार ने कई लोक हितकारी काम किये। भोजन, आवास, दवाइयां, अस्पतालों में बिस्तर, यहां तक कि दूसरे राज्यों को ऑक्सीजन की भी आपूर्ति झारखंड द्वारा की गयी। इस माहौल में भी सरकार ने अफरातफरी का माहौल नहीं होने दिया। कोरोना प्रबंधन में झारखंड को पहचान भी मिली। सच देखा जाये तो कोरोना काल में उत्तर प्रदेश के बाद झारखंड ने बहुत की बेहतरीन काम किया। ऐसा नहीं है कि उस दौरान झारखंड में कुछ कमियां नहीं दिखी, लेकिन उन कमियों के दिखाई देने की वजह ‘जानकारी शून्य‘ होना था। क्योंकि उन जानकारियों की जानकारी देने वाला उस समय कोई नहीं था। कोरोना पर अपनी बातें रखते हुए हेमंत सोरेन ने अपने दो मंत्रियों के खोने का भी जिक्र कर भावुक भी हुए एक मंत्री हाजी हुसैन अंसारी और दूसरे टाइगर के नाम से विख्यात मंत्री जगरनाथ महतो उन्होंने कहा कि दोनों ने कोरोना के लिए बहुत काम किया लेकिन दोनों को कोरोना ही लील गया।
लड़कर और शहीदों के बलिदान के बाद मिला है राज्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य के अस्तित्व में आने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य हमें ऐसे ही नहीं मिला है। इसमें शहीदों का बलिदान भी शामिल है और हमारे आज के नेताओं, जिनमें दिशोम गुरु शिबू सोरेन शामिल हैं, उनके अथक संघर्षों के बाद ही झारखंड अस्तित्व में आया है। हमारे पूर्वज ‘जल जंगल जमीन’ के लिए हमेशा लड़ते रहे हैं। फिर दिशोम गुरु के नेतृत्व में 2000 मे झारखंड अस्तित्व में आया। लेकिन कितने अफसोस की बात है कि राज्य के अस्तित्व में आने के बाद जिन्हें इसका जिम्मा मिला उन्होंने इसकी दुर्गति कर दी। डबल इंजन की सरकार ने राज्य का सत्यानाश कर दिया। मगर 2019 में हमें आपका आशीर्वाद मिला और हम सत्ता में आये सरकार बनाते समय हमने शपथ ली कि हमारी सरकार दिल्ली या रांची से नहीं बल्कि गांव से चलेगी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज राज्य के हर वर्ग को बहुत कुछ मिल रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं, विकलांगों, विधवाओं को पेंशन, मिल रहा है। किसानों को कार्ड बनाकर उसका लाभ उन्हें दिया जा रहा है। राज्य में ही हम मछली पालन, पशुपालन के विकास पर काम कर रहे हैं। किसानों को जो पशुधन दिये जायेंगे उनका बीमा किया जायेगा ताकि किसानों को कोई परेशानी न हो। बच्चों की शिक्षा के लिए कई स्कीम हैं, युवाओं को ऊंची शिक्षा के लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड है, बच्चियों की शिक्षा के लिए सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना है। महिला समूह की दीदियों को मिलने वाली राशि बढ़ा दी है। डीलरों का कमीशन बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। हमारी सबसे बड़ी योजना अबुआ आवास योजना है जिसमें तीन कमरों का मकान दिया जायेगा। हमने इसके लिए 8 लाख आवास का लक्ष्य रखा है और
इसके लिए 15 हजार करोड़ की राशि तय की है।
कई विशिष्ठ अतिथि थे समारोह में उपस्थित
हेमंत सरकार के चार वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री चंम्पाई सोरेन, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मुख्य सचिव खियांग्ते, डीजीपी अजय कुमार सिंह समेत ढेरों विशिष्ठ लोग उपस्थित थे