झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

विद्युत वरण महतो तीसरी बार मंगलवार को दाखिल करेंगे भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन

विद्युत वरण महतो तीसरी बार मंगलवार को दाखिल करेंगे भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन साकची बोधि मंदिर में होगी विशाल जनसभा, नामांकन के निमित्त भाजपा की सभी तैयारियां हुई पूरी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत शामिल होंगे एनडीए के कई बड़े नेतागण

● भव्य एवं ऐतिहासिक होगी नामांकन सभा: नंद जी प्रसाद

● मंगलवार सुबह 10 बजे से जुटेंगे भाजपा कार्यकर्ता, तैयारियों के निमित्त भाजपा के वरीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा तैयारियों को दिया अंतिम रूप

जमशेदपुर- जमशेदपुर लोकसभा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में निवर्तमान सांसद विद्युत वरण महतो मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। विद्युत वरण महतो के नामांकन समारोह को भव्य और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए भाजपा ने व्यापक तैयारी की है। विद्युत वरण महतो के नामांकन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत भाजपा के वरीय नेताओं के साथ एनडीए के तमाम नेतागण मौजूद रहेंगे। वहीं नामांकन से पूर्व साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। जिसमें जमशेदपुर लोकसभा के छह विधानसभा अंतर्गत विभिन्न मंडलों से मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में हजारों भाजपा कार्यकर्ता नामांकन सभा में शामिल होंगे वहीं सोमवार को जमशेदपुर लोकसभा संयोजक सह प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा सह संयोजक राजकुमार श्रीवास्तव, नीरज सिंह, संजीव कुमार समेत अन्य नेताओं ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता के निमित्त तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जनसभा में मंगलवार सुबह 10 बजे से कार्यकर्ताओं का जुटना प्रारंभ हो जाएगा। गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पक्का पंडाल बनाया गया है। वहीं अतिथियों के बैठने एवं संबोधन के लिए बड़ा मंच तैयार किया गया है। विद्युत वरण महतो मंगलवार को शुभ विजय मुहूर्त में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे
इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर लोकसभा संयोजक सह प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद ने बताया कि विद्युत वरण महतो के तीसरी बार सांसद बनाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। विद्युत वरण महतो के नामांकन से पूर्व विशाल जनसभा को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के जिला स्तर से लेकर मंडल एवं बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सक्रीय रूप से लगे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी स्तर पर तैयारी की गई है। नंद जी प्रसाद ने कहा कि जमशेदपुर सीट पर सुनिश्चित हार को देखते हुए इंडिया गठबंधन ने पहले ही हथियार डाल दिया है। जमशेदपुर लोकसभा सीट से विद्युत वरण महतो तीसरी बार भी ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे।
वहीं भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि विद्युत वरण महतो के नामांकन सभा को सफल बनाने के लिए विभिन्न मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में मंडल स्तर पर बैठक कर रूपरेखा बनाई गई है। कर्मठ कार्यकर्ताओं के संकल्प और सांगठनिक कौशल के दम पर विद्युत वरण महतो तीसरी बार जमशेदपुर के सांसद के रूप में जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नामांकन सभा ऐतिहासिक रूप से सफल होगी। सुधांशु ओझा ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में नामांकन सभा में शामिल होने का आहवान किया है।