झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

उर्विता संस्था का सावन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

उर्विता संस्था का सावन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

जमशेदपुर- सामाजिक संस्था उर्विता द्वारा टेल्को स्थित हाई स्काई होटल में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें जमशेदपुर और चक्रधरपुर के 32 महिलाओं ने हिस्सा लिया। सावन महोत्सव में पधारे सभी महिलाओं का स्वागत हल्दी, कुमकुम और फूल माला से किया गया। संस्था की निर्देशिका संगीता जयकुमार ने स्वागत भाषण देते हुए समाज में महिलाओं की महत्ता विषय पर प्रकाश डाला।आगे उर्विता संस्था की सचिव डॉ नीना शर्मा ने “नारी और समाज निर्माण” विषय पर परिचर्चा प्रारंभ किया जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के 108 रूप हैं और सभी एक नारी के आंतरिक शक्ति को दर्शाता है। एक नारी उससे कहीं ज्यादा शक्तिशाली है, समर्थ है जितना वह अपने आप को समझती है। अतः यहां नारी के अबला होने का कोई प्रश्न ही नहीं है। उन्होंने अपने वक्तव्य के माध्यम से समूह के बीच यह प्रश्न भी उठाया कि क्यों आज के गिरते स्तर वाले समाज में नारी एक मां, बहन, बेटी, पत्नी और दादी मां के रूप में समाज निर्माण के कड़ी के रूप में क्यों असफल हो रही है? उन्होंने आगे कहा कि इन परिस्थितियों में व्यापक सुधार की आवश्यकता है, ताकि आने वाली नई पीढ़ी बदलती व्यवस्था को संभाल सके और हमारी नारियां एक सबल, सशक्त और सुखी समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
सावन क्वीन के चयन के लिए आयोजित हुई फैशन परेड इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा और इस प्रतियोगिता में मणिकुनलता दत्ता को सर्वमान्य रुप से सावन क्वीन का खिताब प्रदान किया गया। उर्विता संस्था नारी सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करती है अतः सावन महोत्सव में इसके लिए कई प्रतियोगिताएं रखी गई थी जिसमें भारत के पारंपरिक व्यंजन और हस्तशिल्प प्रतियोगिता भी शामिल था। इन प्रतियोगिताओं में जज की भूमिका में महिला व्यवसायी एवं समाज सेविका मीरा प्रसाद तथा हस्तशिल्प विशेषज्ञ एन. ललिता ने निभाया। भारतीय पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिता में प्रीति श्रीवास्तव के ‘बिहार थाली’ ने बाजी मारी जबकि असीमा त्रिपाठी को सर्वश्रेष्ठ हस्तशिल्प का पुरस्कार मिला। सावन नृत्य प्रतियोगिता में मौसमी बनर्जी को डांसिंग क्वीन का खिताब दिया गया। राखी दासगुप्ता ने सावन महोत्सव में कई तरह के मनोरंजक खेल प्रस्तुत किए जिसमें सभी महिलाएं उत्साहित होकर भाग लिए। प्रीति तिवारी ने भविष्य में संस्था के अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में सबकी सहभागिता की कामना के साथ धन्यवाद ज्ञापन दिया। उर्विता संस्था के सावन महोत्सव कार्यक्रम के आयोजन में सचिव डॉ नीना शर्मा, निर्देशिका संगीता जयकुमार, राखी दासगुप्ता, प्रीति तिवारी और सुजाता सहाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।