झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सम्मानित किया

निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सम्मानित किया

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य झारखंड की दो हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची में सम्मानित किया गया. झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने उनको सम्मानित किया.

रांचीः टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी टीम की सदस्य रही झारखंड की दो बेटियां निक्की प्रधान और सलीमा टेटे के सम्मान में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रवींद्र नाथ महतो की तरफ से विधानसभा परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस समारोह में दोनों खिलाड़ियों को मोमेंटो के साथ हॉकी स्टिक, स्पोर्ट्स किट और मोबाइल के अलावा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
विधानसभा परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने संबोधित करते हुए कहा कि खनिज के साथ-साथ खेल के लिए भी झारखंड की पहचान है. स्पीकर ने आगे कहा कि विकसित देशों की तरह अगर हमारे खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी तो यह और बेहतर करेंगे.
टोक्यो ओलंपिक भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन को लेकर स्पीकर ने कहा कि जीत और हार किसी भी खेल का अलंकार है, हर इंसान को खेलना चाहिए, इससे व्यक्तित्व निखरता है. उन्होंने खेल की महत्ता को लेकर कहा कि किसी भी खेल के माध्यम से ब्रदरहुड विकसित होता है.
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय महिला हॉकी टीम भले ही जीत पक्की नहीं कर सकी. लेकिन पिछले बार की चैंपियन ग्रेट ब्रिटेन की टीम को जिस तरह से टक्कर दी, वह काबिले तारीफ है. इस महिला हॉकी टीम के दो धुरंधर खिलाड़ी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे बुधवार को रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची तो इन दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया. इसके साथ ही प्रोजेक्ट भवन सभागार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन खिलाड़ियों को सम्मान स्वरूप 50-50 लाख रुपये का चेक दिया.