झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

डीआरडीओ की एंटी कोरोना दवा 2DG आज होगी लॉन्च दस हजार डोज तैयार

*कोविड-19 बुलेटिन : रांची से मिले 255 पोजिटिव मामले, पूरे झारखण्ड में 2321 नए पॉजिटिव मामले, राज्य में आज 48 संक्रमितों की मृत्यु, इसके साथ ही झारखण्ड में कुल 315502 पॉजिटिव मामले, 36540 सक्रिय मामले, 274483 ठीक, 4479 मौतें हुई हैं*

*डीआरडीओ की एंटी कोरोना दवा 2DG आज होगी लॉन्च दस हजार डोज तैयार*

*रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से बनाई गई एंटी कोरोना दवा 2-डीजी की पहली खेफ आज बाजार में लॉन्च होने वाली है। डीआरडीओ की एंटी कोरोना दवा 2DG की दस हजार डोज बनकर तैयार है, जिसे आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सुबह 10.30 बजे लॉन्च करेंगे। मार्केट में आते ही यह दवा एक-दो दिनों बाद कोरोना मरीजों को मिलने लगेगी।*

*ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का लाभ लेकर सीमावर्ती राज्यों के लोग अपने जिला में टीकाकरण का नहीं ले पाएं लाभ, सभी सम्बन्धित प्रखंड विकास पदाधिकारी करें सुनिश्चित- सूरज कुमार, उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी*

पूर्वी सिंहभूम जिले से सटे सीमावर्ती राज्यों तथा पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का लाभ लेते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में टीकाकरण नहीं करा पाए, इसे सुनिश्चित करने का निर्देश उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार ने सभी सम्बन्धित प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि टीकाकरण का समुचित लाभ जिलेवासियों को मिले इसे सुनिश्चित करें। उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया है कि सीमावर्ती इलाकों में बंगाल और ओडिशा से सटे सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अविलंब इस बात का ध्यान देंगे कि अपने अपने सेंटर पर आप आईडी कार्ड चेक करेंगे। अगर किसी का आईडी कार्ड बंगाल या ओडिशा का है तो आप उसका वैक्सीनेशन यहां नहीं करेंगें उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी द्वारा यह व्यवस्था अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
*=============================*
*=======================*
जिला उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम, रेड क्रॉस सोसाईटी तथा जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान को कोरोना विजेता योद्धाओं का साथ लगातार मिल रहा है, जिसके कारण वर्तमान समय में कोविड-19 से प्रभावित लोगों को कॉन्वॉल्सेन्ट प्लाज्मा उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में आज चिकित्सक डॉ. अमिताभ चटर्जी ने पांचवी बार, सौरभ कुमार झा, पंकज कुमार ने कोरोना पीड़ित लोगों की जीवन रक्षा के लिए कॉन्वाल्सेन्ट प्लाज्मा का दान किया। प्लाज्मा डोनर्स का उत्साह बढ़ाने के लिए जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, जिला प्लाज्मा डोनेशन नोडल पदाधिकारी परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह उपस्थित थे। उन्होने सभी प्लाज्मा दाताओं को स्मृति चिन्ह के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किया तथा पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति उनका आभार जताया।*=============================**टाटा मोटर्स ब्लाक क्लोजर*

*टाटा मोटर्स में 18 से 22 मई तक ब्लॉक क्लोजर, 24 मई को खुलेगी कंपनी*

*भारत में कोविब19 के 2,81,386 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,49,65,463 हुई। 4,106 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,74,390 हो गई है। 3,78,741 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,11,74,076 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 35,16,997 है। देश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना वायरस की 6,91,211 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 18,29,26,460 हुआ है

*जमशेदपुर- कोरोना मरीजों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को कुल सात हजार 38 लोगों की जांच की गई। इसमें सिर्फ 297 लोग ही पॉजिटिव मिले। यानी 4.21 फीसद। बाकी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। लंबे समय के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले में इतने कम मरीज मिले। वहीं, मौत भी कम हुई है।
कुल बारह मरीजों ने जान गंवाई है। मृतकों में टीआरएफ कालोनी निवासी (86) पुरुष, घाटशिला निवासी (72) पुरुष, कदमा निवासी (75) पुरुष, कदमा निवासी (60) पुरुष, सोनारी निवासी (72) पुरुष, कदमा निवासी (81) पुरुष, कदमा निवासी (70) पुरुष, बारीडीह निवासी (75) पुरुष, नारवा पहाड़ निवासी (56) पुरुष, मानगो निवासी (59) पुरुष, टेल्को निवासी (76) महिला व टेल्को निवासी (67) पुरुष शामिल है। जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 913 हो गई है।
शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 743 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 40 हजार 434 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
किस क्षेत्र में मिले कितने मरीज
क्षेत्र : मरीज

मानगो : 19

कदमा : 64

टेल्को : 35

जुगसलाई : 13

सोनारी : 10

सिदगोड़ा : 22

साकची : 20

गोलमुरी : 05

बिष्टुपुर : 04

परसुडीह : 11

बागबेड़ा : 07

सुंदरनगर : 11

घाटशिला : 10

मुसाबनी : 03

पटमदा : 02

बर्मामइंस : 01

धालभूमगढ़ : 12
पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को चार हजार 930 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, एक हजार 944 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल दो लाख 42 हजार 303 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। जबकि 62 हजार 126 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

*केरला पब्लिक स्कूल में खुलेगा कोविड केयर सेंटर*

उपायुक्त सूरज कुमार द्वारा मानगो केरला पब्लिक स्कूल में बनाए जा रहे कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. ए के लाल, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम नीतीश कुमार सिंह और कार्यपालक पदाधिक दीपक सहाय उपस्थित थे। इस दौरान केरला पब्लिक स्कूल में कोविड केयर सेंटर की तैयारियों का जायजा लिया गया तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक उपकरण के बारे में जाना गया। सिविल सर्जन को जल्द से जल्द कोविड केयर सेंटर में उपयुक्त होने वाले सभी आवश्यक उपकरण का अधिष्ठापन कराने का निर्देश दिए गए। साथ ही डॉक्टर एवं नर्स की प्रतिनियुक्ति करने संबंधी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार, कार्यालय कर्मी अंशु कुमार, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे*
*====================================================
*जाली ई-पास बनाकर वाट्सएप ग्रुप में पोस्ट करने, जाली ई-पास का धंधा करने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को राजेंद्र साव नामक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक राजेंद्र साव है, जो हजारीबाग जिले के केरेडारी स्थित पांडेपुरा का रहने वाला है। इस मामले में रांची के मोटरयान निरीक्षक मुकेश कुमार के बयान पर रांची के पुंदाग ओपी में महामारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है
मोटरयान निरीक्षक मुकेश कुमार ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि एसडीओ और डीटीओ की सूचना पर वे डोरंडा थाना पहुंचे तो देखे कि वहां पुंदाग ओपी के दारोगा अरविंद कुमार सिंह आरोपित से जाली ई-पास के संबंध में पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ में ही पता चला कि आरोपित राजेंद्र साव लोगों को ई-पास बनाकर देने का झांसा दे रहा था और इसके एवज में पैसे की मांग भी कर रहा था। उसने वाट्सएप ग्रुप में जाली ई-पास पोस्ट भी किया था, जिसका स्क्रीन शॉट सबूत के तौर पर रखा गया है। आरोपित ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

*वज्रपात की भी आशंका:चक्रवाती तूफान के कारण तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश*

जमशेदपुर-कोरोना संक्रमण से जूझ रही जनता को अब चक्रवाती तूफान और बारिश से जूझना पड़ सकता है। अरब सागर में साइक्लोनिक प्रेशर बन रहा है। इस कारण चक्रवाती तूफान ‘ताऊ ते’ का पूर्वी सिंहभूम में सोमवार से असर दिखेगा। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम में राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश होने की संभावना है।
दारीसाई कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी पदाधिकारी डाॅ विनोद कुमार ने बताया- 18 मई तक अधिकांश भागों में धूल भरी आंधी चलने, गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
कुछ दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। यह मानसून का दस्तक माना जा रहा है। हालांकि मानसून आने में समय बाकी है। जिले में 15 जून से मानसून दस्तक देता है, लेकिन इस बार जल्दी और अच्छी बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।
पिछले दाे दिनाें से जमशेदपुर का माैसम साफ है और तेज धूप खिल रही है। इसका असर तापमान में देखने काे मिल रहा है। इसमें लगातार बढ़ोतरी हाे रही है। पिछले दाे दिनाें में अधिकतम तापमान 6 डिग्री से अधिक चढ़ चुका है। यही वजह से उमस भरी गर्मी ने लाेगाें काे परेशान करना शुरू कर दिया है।
रविवार काे शहर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 68 और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही।

*गुजरात की ओर मुड़ा चक्रवाती तूफान,10 की मौत*

*Tauktae शक्तिशाली हो गया है। गोवा-केरल और कर्नाटक में तबाही मचाने के बाद अब यह गुजरात की ओर बढ़ रहा है। तूफान के कारण अभी तक दस लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से कर्नाटक में 6, केरल और गोवा में 2 लोगों ने भारी बारिश के कारण दम तोड़ा है। तेज बरसात और हवा के कारण सड़कों पर कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं।*

*हाइपरटेंशन डे आज:जमशेदपुर के हर 100 मरीज में 40 में ब्लड प्रेशर की शिकायत*

जमशेदपुर-विशेषज्ञों ने माना-खराब लाइफ स्टाइल, अनुचित आहार और तनाव हैं हाइपरटेंशन के प्रमुख कारण
शहर में हाइपरटेंशन के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। करीब चार साल पहले शहर के मरीजों में हाइपरटेंशन से पीड़ित लोगों की संख्या 19 प्रतिशत थी, जो बढ़कर 40 फीसदी के करीब पहुंच गई है। करीब चार साल पहले शहर के एक बड़े कॉरपोरेट हाॅस्पिटल की ओर से चलाए गए स्वास्थ्य जागरूकता के दौरान 8 हजार से अधिक लोगों की जांच के बाद कहा गया था- शहर में हाइपरटेंशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
शहर के जाने-माने फिजिशियन डॉ उमेश खां के अनुसार जमशेदपुर में हाइपरटेंशन या हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है एक दिन में औसतन एक सौ मरीज में औसतन 40 में बीपी (ब्लड प्रेशर) की शिकायत रहती है। इस कारण स्ट्रोक, हार्ट संबंधी बीमारियां और किडनी की खराबी के मामले सामने आ रहे हैं।
एम्स के देशभर में कराए गए एक अध्ययन का हवाला देते हुए डाॅ उमेश खां ने कहा- इस स्टडी में भी इस बात की पुष्टि हुई है कि हाई ब्लड प्रेशर कई तरह की बीमारियों को जन्म दे रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, खराब लाइफ स्टाइल, अनुचित आहार और तनाव मूल रूप से हाई ब्लड प्रेशर के कारण हैं। लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहे तो शरीर के लिए बहुत घातक होती है और हार्ट अटैक का कारण भी बन सकती है। 140/90 से ज्यादा रक्तचाप हाई ब्लड प्रेशर माना जाता है।
हाई ब्लड प्रेशर के कारण हार्ट और किडनी संबंधी बीमारियों का भी खतरा बना रहता है
हाइपरटेंशन का सबसे ज्यादा खतरा किनको?
यूं तो हाइपरटेंशन उम्र के किसी भी दौर में हो सकता है, लेकिन इन स्थितियों में खतरा अधिक रहता है
वृद्धावस्था- उम्र के साथ हमारी धमनियां कठोर और मोटी होती जाती हैं यानि हार्ट को ज्यादा ब्लड पंप करना
वृद्धावस्था- उम्र के साथ हमारी धमनियां कठोर और मोटी होती जाती हैं यानि हार्ट को ज्यादा ब्लड पंप करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, जिससे ब्लडप्रेशर बढ़ जाता है।
वजन बढ़ना -मोटे या अधिक वजन वाले लोगों में ब्लडप्रेशर का खतरा अधिक होता है।
खराब लाइफ स्टाइल-जीवनशैली की कुछ आदतें जैसे गलत आहार, व्यायाम की कमी, शराब और धूम्रपान हायपरटेंशन को बढ़ाते हैं।
पारिवारिक इतिहास- परिवार में यदि पहले किसी को हायपरटेंशन रहा है तो अन्य सदस्यों या आनेवाली पीढ़ी को भी हो सकता है।
हाइपरटेंशन से कैसे बचा सकता है?
आहार पर ध्यान दें- फल, सब्जियां और अंकुरित अनाज खाने की आदत बनाएं। गरिष्ठ भोजन से बचें। नमक का सेवन सीमित करें और ब्लडप्रेशर कंट्रोल करने के लिए पोटेशियम का सेवन बढ़ाएं।
नियमित व्यायाम करें- नियमित व्यायाम से वजन और ब्लडप्रेशर कंट्रोल रहता है। ब्रिस्क-वॉकिंग या अन्य एरोबिक एक्सरसाइज हार्ट के लिए अच्छे हैं।
शराब सेवन पर नियंत्रण रखें- शराब और सिगरेट हार्ट के लिए अच्छे नहीं हैं। बहुत अधिक शराब हाई बीपी के खतरे को बढ़ाता है और इससे वजन बढ़ता है।
धूम्रपान छोड़ें- धूम्रपान हर तरीके से सेहत के लिए हानिकारक है। वातावरण में पहले से पर्याप्त धुआं है। स्मोकिंग के जरिए फेफड़ों पर और अधिक बोझ नहीं डालें।

*विश्व उच्च रक्तचाप दिवस: 17 मई*

हर साल 17 मई को विश्व स्तर पर विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य बढ़ते हुए उच्च रक्तचाप (बीपी) के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना और सभी देशों के नागरिकों को इस धीरे धीरे मारने वाला कारक को रोकने और नियंत्रित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस दिन को पहली बार मई 2005 में मनाया गया था। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस विश्व उच्च रक्तचाप लीग की एक पहल है, जो इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन का एक संबद्ध अनुभाग है।
इस तरह मनाया जाता है विश्व हाइपरटेंशन दिवस
विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाता है। विशेषज्ञों के सेमिनार का आयोजन होता है। स्वास्थ्य संस्थानों में इस पर और इससे जुड़े विषय पर सामूहिक चर्चाओं का आयोजन होता है। मरीजों को इससे निजात पाने के उपाय बताए जाते हैं। कोरोना के कारण इस साल इस दिन का आयोजन ऑनलाइन ही होना है*

*विश्व दुरसंचार और सूचना सोसायटी दिवस ’17 मई’*

‘दूरसंचार क्रांति’ की बदौलत ही भारत की गिनती आज विश्व के कुछ तेज गति से प्रगति कर रहे देशों में होती है।
विश्व दूरसंचार दिवस’ मनाने की परंपरा 17 मई, 1865 में शुरू हुई थी, लेकिन आधुनिक समय में इसकी शुरुआत 1969 में हुई। तभी से पूरे विश्व में इसे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
आधुनिक युग में फोन, मोबाईल और इंटरनेट लोगों की प्रथम आवश्यकता बन गये हैं। इसके बिना जीवन की कल्पना करना बहुत ही मुश्किल हो चुका है। आज यह इंसान के व्यक्तिगत जीवन से लेकर व्यावसायिक जीवन में पूरी तक प्रवेश कर चुका है। पहले जहाँ किसी से संपर्क साधने के लिए लोगों को काफ़ी मशक्कत करनी पड़ती थी, वहीं आज मोबाईल और इंटरनेट ने इसे बहुत ही आसान बना दिया है। व्यक्ति कुछ ही सेकेंड में बेहद असानी से दोस्तों, परिवार और सगे संबधियों से संपर्क साध सकता है। यह दूरसंचार की क्रांति है, जिसकी बदौलत भारत जैसे कुछ विकासशील देशों की गिनती भी विश्व के कुछ ऐसे देशों में होती है, जिनकी अर्थव्यवस्था तेज़ी से रफ्तार पकड़ रही है।*