झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

चुनाव में नहीं फैला कोरोना, तो छठ करने दे प्रशासन

जमशेदपुर । केंद्रीय छठ पूजा आयोजन समिति का प्रतिनिधिमंडल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार से मिला, जिसमें उनसे छठ व्रत को लेकर दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। समिति के मुख्य संरक्षक जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि जब चुनाव में इतनी भीड़ इकट्ठा होने के बावजूद कोरोना नहीं फैला, तो इससे स्पष्ट हो गया है कि अब कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा बहुत कम हो गया है।

ऐसे में छठ व्रत के लिए प्रशासन को अनुमति दे  देना चाहिए। सूर्य उपासना के इस महापर्व में सुबह व शाम को अर्घ्य देने के समय नदी किनारे काफी श्रद्धालु जुटते हैं। इस बार स्थानीय प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से असमंजस की स्थिति है। ऐसे में जिला प्रशासन से इस पर्व को पूर्व की भांति मनाने की अनुमति प्रदान की जाए।

प्रतिनिधि मंडल में आनंद बिहारी दुबे, डा. पवन पांडेय, अशोक पांडेय, अखिलेश्वर सिंह, मिथिलेश श्रीवास्तव, एसएन मेहता, एमएन श्रीनिवासन आदि शामिल थे। ज्ञात हो कि बुधवार को ही जमशेदपुर में पहली बार केंद्रीय छठ पूजा आयोजन समिति का गठन किया गया था, जिसके मुख्य संरक्षक विधायक मंगल कालिंदी बनाए गए हैं।

इस बार लोक आस्था का महान पर्व छठ 20 व 21 नवंबर को मनाया जाएगा, जिसमें 20 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 21 को उदय होते सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाएगा। जमशेदपुर के स्वर्णरेखा व खरकई नदी के तट पर लाखों श्रद्धालु-व्रती इस पर्व को मनाते हैं। इतने बड़े पैमाने पर जमशेदपुर में लोग इस पर्व को मनाते हैं कि सबके लिए घरों और मोहल्लों में करना संभव नहीं है।