झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजपा नेता हराधन दास के निधन पर भाजपा ने जताया शोक।

जमशेदपुर: जमशेदपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जुगसलाई विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हराधन दास के आकस्मिक निधन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शोक व्यक्त किया है। भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हराधान दास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया। गुंजन यादव ने बागुनहातु स्थित हराधान दास के घर जाकर शोक संतप्त परिवार से मिलकर ढाँढस बँधाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक सच्चे व समर्पित सिपाही को खो दिया। संगठन में कार्यकर्ताओं को अभिभावक के रूप में मार्गदर्शन करने वाले हराधान दास के परिजनों के साथ भाजपा परिवार खड़ा है। संगठन को उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. दास का असमय चला जाना भारतीय जनता पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दास के निधन से मैनें अपना एक अभिभावक खो दिया। उन्होंने बताया कि हराधन दास सुचितापूर्ण राजनीति में आस्था रखतें थे। उनके विचार और कृतित्व सदैव पार्टी कार्यकर्ताओं की स्मृतियों में अमर रहेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने वर्ष 2005 की विधानसभा चुनाव की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि स्व. हराधन दास ने जुगसलाई विधानसभा में भाजपा को मजबूत किया। बताया कि बेहद कम मतों के अंतर से पराजय झेलनी पड़ी थी। उक्त चुनाव जुगसलाई विधानसभा में भाजपा की सबसे बेहतर प्रदर्शन रही। बताया कि तब के विजयी प्रत्याशी दुलाल भुइयां को 59649 और दूसरे स्थान पर हराधन जी को 56995 वोट प्राप्त हुए थे। उन्होंने ईश्वर से उनके परिजनों और शुभचिंतकों को दुःख सहने की संबल और धैर्य प्रदान करने की कामना की है।