झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने पश्चिम विधानसभा में जनजाति सम्मलेन का किया आयोजन

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने पश्चिम विधानसभा में जनजाति सम्मलेन का किया आयोजन वक्ताओं ने कहा- झारखंड नामधारी पार्टियों ने आदिवासी समाज की भावनाओं को भड़का कर झारखंड को जमकर लुटा, भाजपा ने आदिवासी समाज के उत्थान, गौरव और सम्मान के लिए किया कार्य।

जमशेदपुर-  भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा जमशेदपुर भाजपा महानगर की ओर से आज पश्चिम विधनसभा के मानगो मंडल अंतर्गत गंगा मेमोरियल हॉस्पिटल के समीप आदिवासी जनजाति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक दीपक सुंडी, सहसंयोजक विनोद उमंग एवं जिला अध्यक्ष बिना नंद सिरका के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों ने भाग लिया। जनजातीय सम्मेलन का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया इस दौरान सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री विजय सिंह सोय एवं जिला उपाध्यक्ष रमेश बास्के ने संयुक्त रूप से किया। वहीं, सम्मेलन में स्वागत भाषण मोर्चा के जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष बिना नंद सिरका ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन दीपक सुंडी ने किया।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता एवं जिला के संगठन प्रभारी राम सिंह मुंडा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तथाकथित झारखंड नामधारी राजनीतिक दलों ने हमेशा आदिवासी समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर झारखंड को लूटने और लुटाने का कार्य किया है। येही कारण है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल की सलाखों के पीछे हैं। श्री मुंडा ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पिछले 10 वर्षों के दौरान आदिवासी समाज के उत्थान, गौरव और सम्मान के लिए समर्पित रही है। झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार ने कभी भी आदिवासियों की चिंता नहीं की और ना ही कभी उनके सम्मान के बारे में सोचा है। उन्होंने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन सरकार ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर अपनी तिजोरी भरने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में आदिवासी भाई-बहन एवं कार्यकर्ता कमर कस लें और देश में मजबूत इच्छा शक्ति वाली मजबूत सरकार बनाकर नरेंद्र मोदी  को पुनः प्रधान सेवक की जिम्मेदारी सौंपें।

सम्मेलन को वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपेंद्र सरदार, काजू शांडिल एवं अन्य वक्ताओं ने संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की ओर से जनजाति समाज के लिए चलाए जा रहे लोक कल्याणारी योजनाओं की जानकारी दी और योजनाओं का लाभ लेने हेतु आग्रह किया

सम्मेलन में मुख्य रूप से भाजपा महानगर के जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला संगठन प्रभारी सह प्रदेश मीडिया प्रभारी राम सिंह मुंडा, भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि उपेंद्र सरदार, वरिष्ठ नेता मेघवाल टुडू, वरिष्ठ नेता खेला राम बेसरा और जिला पदाधिकारी रमेश बास्के, विजय सोय, संजय मुंडा, गुलशन टूडू, विनोद मांझी, मनोज बोदरा, गोपाल टोप्पो, सुशील हेस्सा, गणेश सरदार और अन्य मौजूद रहे।