झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

आदित्यपुर नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, पदयात्रा कर चलाया जा रहा जन जागरण अभियान

सरायकेला में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के नाम पर सड़कों को गड्ढों में तब्दील कर दिया गया है, जिसके खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है. मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा कर जन जागरण अभियान की शुरुआत की है.
सरायकेला: कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नगर कमेटी ने नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं के खिलाफ एक दिवसीय धरना के बाद 24 नवंबर से पदयात्रा कर जन जागरण अभियान की शुरुआत की.
जिले के आदित्यपुर नगर निगम समेत आवास बोर्ड के खिलाफ कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी 35 वार्डों में पदयात्रा कर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा. सांसद प्रतिनिधि योगेंद्र उर्फ मुन्ना शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदयात्रा में शामिल हुए. पहले दिन वार्ड संख्या 15 , 16 और 17 में पदयात्रा कर आम लोगों को नगर निगम के खिलाफ जन जागरण अभियान में शामिल होने की अपील की गई.
नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के नाम पर सभी सड़कों को गड्ढों में तब्दील किया गया है. उसके अलावा आवास बोर्ड के ओर से मकानों का मालिकाना हक भी नहीं दिया जा रहा है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन छेड़ा है. इसके तहत 3 दिसंबर तक सभी वार्डों में पदयात्रा कर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा. वहीं 4 दिसंबर से नगर निगम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना भी दिया जाएगा.