झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

तलाक के नोटिस से खिन्न होकर दामाद ने ससुर को दोस्त से मरवाई गोली

कदमा थाना क्षेत्र ज्वेलर्स के मालिक गणेश चंद्रा को शनिवार रात को उनके दामाद राजकुमार पात्रो ने दोस्त रघुनाथ मन्ना से पेट में गोली मारवाई थी। कदमा थाना की पुलिस ने मामले में दोनों को टाटानगर स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल भी बरामद किए गए।

मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक एम तमिल वानन ने अपने कार्यालय में मीडिया को इसकी जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि गोली मारने का मामला ज्वेलर्स मालिक के परिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। गणेश चंद्रा की बेटी से राजकुमार पात्रो ने 2019 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद उनकी बेटी को यह पता चला कि राजकुमार पात्राे अपराधी चरित्र का युवक है। उसकी गतिविधि ठीक नहीं है तो वह उसे छोड़कर अपने पिता के घर चल आई थी। जहां से उसने पति के नाम पर एक लीगल नोटिस और बाद में तलाक नोटिस भेजवा दिया।

राजकुमार पात्रो समझ रहा था कि सारा कुछ उसके ससुर के कहने पर ही पत्नी कर रही है। इसको लेकर घटना से कुछ दिन पहले उसने गणेश चंद्रा को जाकर धमकी दी थी और कहा कि पुत्री को उसके घर भेज दें नहीं तो बुरे परिणाम भुगतने को तैयार रहें। लेकिन गणेश चंद्रा इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसलिए उसने अपने दोस्त रघुनाथ मन्ना के साथ मिलकर ससुर को रास्ते से हटा देने की योजना बनाई। 13 फरवरी की रात दोनों उस समय गणेश चंद्रा के पास पहुंचे जब वे दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। रघुनाथ मन्ना उनके करीब गया और पिस्तौल सटा गोली मार दी। गोली गणेश चंद्रा को पेट में लगी। इसके बाद घटना को अंजाम देने वाले भाग निकले। घटना के बाद ज्वेलर्स मालिक की पुत्री आयुषी ने अपने पति राजकुमार पात्रो और एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दोनों आरोपित पकड़े गए।