झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

सूर्यधाम में भव्य श्रीराम मंदिर स्थापना के तृतीय वर्षगांठ पर संगीतमय श्रीराम कथा का होगा आयोजन

सूर्यधाम में भव्य श्रीराम मंदिर स्थापना के तृतीय वर्षगांठ पर संगीतमय श्रीराम कथा का होगा आयोजन गोलमुरी क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं के साथ लोगों को घर जाकर किया आमंत्रित

जमशेदपुर। सूर्य मंदिर समिति सिदगोड़ा के तत्वाधान में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर स्थापना के तृतीय वर्षगांठ पर संगीतमय श्रीराम कथा समेत अन्य आयोजन आगामी 21 से 28 फरवरी को सुनिश्चित की गई है। सूर्य मंदिर समिति द्वारा शहर के एक लाख लोगों के घरों तक आमंत्रण पत्र भेजने का लक्ष्य लेकर आस्थावान भक्तजनों से राम काज हेतु सहयोग राशि प्राप्त किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को गोलमुरी क्षेत्र अंतर्गत रिफ्यूजी कॉलोनी में अभियान चलाकर लोगों को आमंत्रित किया गया। अभियान में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास शामिल हुए। यहां पूर्व सीएम रघुवर दास ने लोगों को श्रीराम कथा के आमंत्रण पत्र देकर कथा में शामिल होने का आग्रह किया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने श्रीराम कथा में सबकी भागीदारी हो इसके लिए प्रत्येक घर से बीस रुपये का सहयोग राम काज हेतु प्राप्त किया। अभियान के दौरान लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कई पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका कुशल क्षेम जाना। सूर्य मंदिर समिति के वरीय सदस्य दिनेश कुमार ने बताया कि अयोध्या की तर्ज पर सूर्य मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण में शहर के हर एक व्यक्ति ने अपना सहयोग किया। शहर के लाखों लोग जिनकी आस्था भगवान श्रीराम और भगवान भास्कर से जुड़ी है, उन्होंने सामर्थ्यानुसार अपना सहयोग किया। यही कारण है कि सूर्यधाम शहर ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश के दार्शनिक स्थल के रूप में स्थापित हो चुका है।

वहीं सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि आगामी फरवरी माह में 7 दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। श्रीराम कथा में श्री अयोध्याधाम से पधार रहे कथावाचक पूज्या पंडित गौरांगी गौरी जी 22 से 28 फरवरी को दोपहर 3 बजे से श्रीराम कथा का मधुर रसपान कराएंगी। 28 फरवरी को महाप्रसाद के साथ श्रीराम कथा का विश्राम होगा। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में टोली बनाकर कार्यकर्ता लोगों के घर जाकर उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं एवं सहयोग के लिये 20 रुपए के कूपन से सहयोग प्राप्त कर रहे हैं।

अभियान के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, मिथिलेश सिंह यादव, खेमलाल चौधरी, प्रेम झा, अजय सिंह, प्रोबिर चटर्जी राणा, सतीश शर्मा, बलविंदर सिंह, मनीष सचदेव, हन्नी परिहार, विनय खुराना, सुनीता रानी, छगन लाल, शुभाष काले, अशोक सामंत, नरेंद्र ओझा, बंटी अग्रवाल, बिनोद झा, रंजीत गुप्ता, पप्पू उपाध्याय, बंटी सिंह, पप्पू कुमार, पीयूष ईशु, रंजीत सिंह, ऋषव सिंह, बिमला साहू, ममता कपूर, कलावती देवी, सरबजीत कौर, सतीश शुक्ला, भूषण, बाबू सिंधी, सतीश गांधी, बिनोद गुप्ता, मोहम्मद नौशाद, कामेश्वर साहू, कमल सचदेव, देवेंद्र कुमार, हन्नी सचदेव, यश चावला, गोपाल भगत समेत अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद थे।