झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

सांसद विद्युत वरण महतो के कार्यालय पर कांग्रेस के विरोध को भाजपा ने बताया सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास

सांसद विद्युत वरण महतो के कार्यालय पर कांग्रेस के विरोध को भाजपा ने बताया सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास, महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा- कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह हुड़दंग कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर ने सांसद विद्युत वरण महतो के कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों के प्रदर्शन को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास बताया। भाजपा जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि सांसद विद्युत वरण महतो के आवास पर केंद्रीय बजट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हेतु प्रेस-वार्ता बुलाई गई थी। परंतु प्रेस-वार्ता के मध्य में चंद कांग्रेसी इसमें विघ्न डालने पहुंच गए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है। परंतु आज कांग्रेस के इस कथित प्रदर्शन की जानकारी ना सांसद कार्यालय, ना ही जिला प्रशासन एवं ना ही लोकतंत्र के सजग प्रहरी मीडिया को थी। गुंजन यादव ने कहा कि बिस्टुपुर स्थित सांसद कार्यालय में चल रहे संवाददाता सम्मेलन के मुद्दे को चंद कांग्रेसियों ने अपने प्रदर्शन की ओर मोड़कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का कुत्सित प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वास्तव में सांसद विद्युत वरण महतो से मिलकर अपनी बातों को रखना था तो उन्हें इस प्रकार की अभद्रता नही करनी चाहिए थी। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने विरोध में जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सांसद विद्युत वरण महतो के लिए अपशब्दों एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया उसे किसी भी सूरत में स्वीकार नही किया जा सकता है। गुंजन यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता का ऐसा आचरण कांग्रेस के ताबूत में अंतिम कील साबित होगी।